लखनऊ। राजधानी लखनऊ के विकास नगर क्षेत्र स्थित 760 झोपड़ियों में 15 अप्रैल को शाम लगभग 5ः30 बजे भीषण आग लग गई, जिससे पूरा इलाका अफरा-तफरी में बदल गया। स्थानीय लोगों के अनुसार आग लगते ही तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई, लेकिन रात 7ः30 बजे तक कोई दमकल वाहन मौके पर नहीं पहुंचा। लोगों का कहना है कि जब तक फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंचीं, तब तक सैकड़ों झोपड़ियां जलकर राख हो चुकी थी।
प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए
समाजवादी पार्टी के लखनऊ मध्य विधानसभा क्षेत्र से विधायक रविदास मेहरोत्रा घटनास्थल पहुंचे और प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। पीड़ितों का हाल जानने के बाद उन्होंने प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए। विधायक रविदास मेहरोत्रा ने कहा कि जहां आग लगी, वहां से फायर ब्रिगेड कार्यालय की दूरी मात्र पांच मिनट की है, फिर भी दमकल की गाड़ियां दो घंटे तक नहीं पहुंचीं। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि समय पर राहत कार्य शुरू होता तो सैकड़ों झोपड़ियां बचाई जा सकती थी।
भाजपा पर साधा निशाना
उन्होंने यह भी दावा किया कि इस हादसे में कई लोगों की मौत हुई है, लेकिन प्रशासन इन मौतों को छुपाने का प्रयास कर रहा है। उनका आरोप है कि आग लगने के बाद रातभर प्रभावित लोगों को अपनी झोपड़ियों में जाने नहीं दिया गया, जिससे वे अपना सामान नहीं निकाल सके। सुबह जब लोगों को अंदर जाने दिया गया तो उन्हें न तो आभूषण मिले और न ही कोई उपयोगी सामान बचा।
READ MORE: भीषण आग से दहला इंदिरापुरम, सैकड़ों झुग्गियां जलकर खाक, काले धुएं से भर गया आसमान
पीड़ित परिवारों का कहना है कि उनके बर्तन, कपड़े, राशन और अन्य जरूरी सामान पूरी तरह जल गए। विधायक ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने प्रभावित लोगों के लिए न तो टेंट की व्यवस्था की और न ही भोजन-पानी का कोई इंतजाम किया। समाजवादी पार्टी की ओर से राहत सामग्री, खाने-पीने की वस्तुएं और अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं।
READ MORE: खुल गई न पोल… खाद्य विभाग का चला चाबुक, मेरठ में 28 क्विंटल नकली पनीर बरामद
पीड़ितों के लिए निःशुल्क मेडिकल कैंप लगाया
रविदास मेहरोत्रा ने मांग की है कि हादसे में जान गंवाने वालों के परिवारों को एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए तथा जिनकी झोपड़ियां जली हैं उन्हें कम से कम 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए। साथ ही सभी प्रभावित परिवारों को पक्का मकान या उसी स्थान पर मालिकाना हक देने की मांग भी की गई। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए सड़क से लेकर विधानसभा तक संघर्ष करेगी। समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता एवं चाईल्ड स्पेशलिस्ट डॉ. आशुतोष वर्मा ने टेढ़ीपुलिया अग्निकांड पीड़ितों के लिए निःशुल्क मेडिकल कैंप लगाया है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें

