आगरा। अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो चार दिवसीय भारत दौरे पर हैं। इस दौरान देशभर के अलग-अलग जगहों का भ्रमण करेंगे। इसी कड़ी में सोमवार सुबह अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो अपनी पत्नी जीनत रूबियो के साथ विश्व प्रसिद्ध ताजमहल पहुंचे। उन्होंने भीषण गर्मी के बीच ताज का दीदार किया।

विश्व धरोहर स्थल पर खिंचवाई तस्वीर

इस दौरान अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने मुगलकालीन इस ऐतिहासिक स्मारक की खूबसूरती की जमकर सराहना की और इसे ‘दुनिया के प्रेम के अनमोल खजानों में से एक’ बताया। मार्को रूबियो ने अपने विजिटर बुक में लिखा कि दुनिया के प्रेम के सबसे खूबसूरत खजानों में से एक को देखने का अवसर देने के लिए धन्यवाद। अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भी इस दौरान रूबियो दंपती के साथ यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल पर तस्वीर खिंचवाई।

READ MORE: CM योगी ने अफसरों को दिए निर्देश, UP के टोल प्लाजा में गूंजेंगे देशभक्ति गीत और भजन, प्रशासन ने की तैयारियां तेज

रूबियो चार दिवसीय भारत दौरे पर

बता दें कि मार्को रूबियो चार दिवसीय भारत दौरे पर हैं। सोमवार सुबह वे तकरीबन दस बजे एक विशेष विमान से ताज नगरी आगरा के खेरिया एयरपोर्ट पहुंचे। जहां कड़ी सुरक्षा के बीच वे कार से ताजमहल के पूर्वी गेट के पास स्थित होटल तक पहुंचे और फिर गोल्फ कार्ट के जरिए स्मारक परिसर में दाखिल हुए।