अशोक कुमार जायसवाल, वाराणसी. योगी सरकार के मंत्री रविंद्र जायसवाल के खिलाफ गुरुवार को समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा. जिला मुख्यालय पर बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता एकत्र हुए और मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों के हाथों में विभिन्न मांगों और विरोध से जुड़े पोस्टर व बैनर थे.
प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने मंत्री रविंद्र जायसवाल का फोटो लगे पोस्टर को जमीन पर रखकर उस पर जूते मारकर अपना विरोध दर्ज कराया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार और मंत्री के खिलाफ नारे लगाए औऱ आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार जनता के मुद्दों पर ध्यान देने के बजाय विपक्ष की आवाज को दबाने का काम कर रही है.

इसे भी पढ़ें- योगी’राज’ में न्याय नहीं, लाठी मिलेगी! ललिता गौतम हत्याकांड को लेकर गरमाई सियासत, महिलाओं और युवाओं को पीटने पर अजय राय ने बोला तीखा हमला

सपा नेताओं का कहना था कि सरकार की नीतियों से आम जनता परेशान है और लगातार जनविरोधी फैसले लिए जा रहे हैं. इसी के विरोध में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जनता से जुड़े मुद्दों का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा.
प्रदर्शन को देखते हुए जिला मुख्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती की गई.

इसे भी पढ़ें- कहीं ये भी तो ‘रोटियां’ सेंकने नहीं पहुंच गए? स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के पास पहुंचे अखिलेश, गौ माता को लेकर कही ये बात

सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ. पुलिस प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रहा, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो. सपा कार्यकर्ताओं के इस प्रदर्शन की चर्चा पूरे शहर में रही. फिलहाल मंत्री रविंद्र जायसवाल की ओर से इस प्रदर्शन को लेकर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. वहीं राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस तरह के विरोध प्रदर्शन से प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तेज हो सकता है.