उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने गोरखपुर और आजमगढ़ केंद्रों पर होने वाली शारीरिक दक्षता परीक्षा का शेड्यूल बदल दिया है. बारिश के कारण मैदानों में पानी भरने की वजह से नए परीक्षा केंद्र और तिथियां घोषित की गई हैं.

लखनऊ. उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने आरक्षी एवं समकक्ष पदों पर भर्ती-2025 की शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) के कार्यक्रम में बड़ा संशोधन किया है. गोरखपुर और आजमगढ़ जिलों में हुई तेज बारिश और परीक्षा मैदानों में जलभराव के चलते यह निर्णय लिया गया है. बोर्ड ने अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए दोनों केंद्रों के स्थान और परीक्षा तिथियों में परिवर्तन कर नया शेड्यूल जारी कर दिया है.

गोरखपुर केंद्र के नए स्थान व तिथियां

गोरखपुर स्थित 26वीं वाहिनी पीएसी मैदान में 6 अक्टूबर को प्रस्तावित परीक्षा अब 9 अक्टूबर को चौथी वाहिनी पीएसी प्रयागराज में आयोजित की जाएगी. वहीं, 7 अक्टूबर की परीक्षा 35वीं वाहिनी पीएसी लखनऊ में तथा 8 अक्टूबर की परीक्षा 9 अक्टूबर को डॉ. शकुंतला मिश्रा पुनर्वास विश्वविद्यालय लखनऊ में संपन्न होगी. 9 अक्टूबर को होने वाले टेस्ट को उसी दिन 25वीं वाहिनी पीएसी रायबरेली स्थानांतरित किया गया है. इसके अलावा, 10 अक्टूबर का परीक्षण 11वीं वाहिनी पीएसी सीतापुर में तय तारीख पर ही होगा.

आजमगढ़ केंद्र में किए गए बदलाव

आजमगढ़ की 20वीं वाहिनी पीएसी केंद्र पर 6 अक्टूबर को तय परीक्षा अब 10 अक्टूबर को 35वीं वाहिनी पीएसी लखनऊ में ली जाएगी. इसके अतिरिक्त, 7 अक्टूबर का परीक्षण डॉ. शकुंतला मिश्रा पुनर्वास विश्वविद्यालय लखनऊ में और 8 अक्टूबर का टेस्ट 10 अक्टूबर को 25वीं वाहिनी पीएसी रायबरेली में संपन्न होगा.

नया एडमिट कार्ड डाउनलोड करना अनिवार्य

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अनुसार अभ्यर्थियों के लिए संशोधित प्रवेश पत्र आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं. सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे नया एडमिट कार्ड डाउनलोड कर उसमें अंकित नई तारीख, संशोधित केंद्र और निर्धारित समय के अनुसार ही परीक्षा स्थल पर पहुंचे.