लखनऊ. उत्तर प्रदेश में मानसून अभी सक्रिय बना हुआ है. मौसम विभाग ने बुधवार (16 सितंबर 2026) को प्रदेश के 56 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. लगातार हो रही बारिश के चलते नदियों का जलस्तर बढ़ गया है और 26 जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं. करीब 4 लाख की आबादी प्रभावित बताई जा रही है. कई जिलों में बारिश के साथ जलभराव और कटान की स्थिति भी सामने आई है.

इसे भी पढ़ें- मिर्जापुर के गांव में ऐसा क्या दिखा कि गदगद हो गए डेनमार्क के राजदूत? जल जीवन मिशन को लेकर दिया बड़ा बयान

सिद्धार्थनगर में 4 सेकेंड में गिरी 20 फीट दीवार

सिद्धार्थनगर में बारिश के बीच एक दीवार अचानक भरभराकर गिर गई. करीब 20 फीट लंबी दीवार महज चार सेकेंड में जमींदोज हो गई. घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. बारिश के कारण कमजोर हुई संरचनाओं को लेकर भी स्थानीय स्तर पर सतर्कता बढ़ाई जा रही है.

लखीमपुर में शारदा नदी का तेज कटान

लखीमपुर में शारदा नदी का कटान तेज हो गया है. पिछले 24 घंटे में सात मकान नदी में समा गए. नदी के बढ़ते जलस्तर और कटान से आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है. प्रभावित इलाकों में प्रशासन की निगरानी जारी है.

चंदौली में तीन डैम ओवरफ्लो

चंदौली में मंगलवार सुबह बारिश के चलते मुसाखाड़, लतीफशाह और भैसोड़ा डैम ओवरफ्लो हो गए. तीनों बांधों से कुल 2,270 क्यूसेक पानी छोड़ा गया. लतीफशाह डैम से पानी झरने की तरह बहता नजर आया. प्रशासन ने आसपास के इलाकों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

बदायूं में गंगा उफनी, सहारनपुर में भी बाढ़

बदायूं में गंगा नदी एक बार फिर उफान पर है. भदरौल में पुल के ऊपर से पानी बहने लगा है, जिससे आसपास के इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है. वहीं सहारनपुर में मां शाकंभरी देवी मंदिर के पास गुजरने वाली बरसाती नदी में अचानक बाढ़ आ गई. पुलिस ने श्रद्धालुओं को सतर्क किया है.

इसे भी पढ़ें- खुशखबरी! UPESSC की 15,012 शिक्षक भर्ती का विज्ञापन आउट, असिस्टेंट टीचर और PGT के लिए यहां पढ़ें पूरी A to Z डिटेल

लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में सिस्टम बना हुआ है. इसके प्रभाव से अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश जारी रह सकती है. पूर्वी यूपी में बारिश की संभावना ज्यादा है.