उत्तर प्रदेश में वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान तकनीकी कारणों से छात्रवृत्ति से वंचित 3,16,057 पात्र विद्यार्थियों के लिए पोर्टल फिर खोला जाएगा. आवेदन के बाद छात्रवृत्ति की राशि 29 सितंबर से 2 अक्टूबर के बीच सीधे बैंक खातों में भेजी जाएगी.

लखनऊ. उत्तर प्रदेश में वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान तकनीकी कारणों से दशमोत्तर छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति से वंचित रह गए 3,16,057 पात्र छात्र-छात्राओं को एक और अवसर मिलेगा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद समाज कल्याण विभाग ने 1 सितंबर से छात्रवृत्ति पोर्टल दोबारा खोलने का फैसला किया है.

पात्र विद्यार्थियों को आवेदन का मौका देने के साथ छात्रवृत्ति की राशि 29 सितंबर से 2 अक्टूबर के बीच सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी. इसमें अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, सामान्य वर्ग और अल्पसंख्यक वर्ग के पात्र विद्यार्थी शामिल होंगे.

मुख्यमंत्री ने दिए निर्देश

गुरुवार को समाज कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छात्रवृत्ति से वंचित विद्यार्थियों के लिए आवेदन पोर्टल तत्काल खोलने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति वितरण में आने वाली तकनीकी और प्रक्रियागत समस्याओं का तेजी से समाधान कर पात्र विद्यार्थियों को लाभ दिया जाए.

मुख्यमंत्री ने हर हाल में 2 अक्टूबर तक छात्रवृत्ति की धनराशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं. विभाग के निर्णय के अनुसार 1 सितंबर से पोर्टल दोबारा खोला जाएगा.

3,16,057 विद्यार्थी वंचित

विभाग के मुताबिक, वर्ष 2025-26 में तकनीकी कारणों से कुल 3,16,057 छात्र-छात्राएं छात्रवृत्ति से वंचित रह गए थे. इनमें शासकीय संस्थानों के 31,836, शासकीय सहायता प्राप्त संस्थानों के 37,795 और निजी संस्थानों के 2,46,426 विद्यार्थी शामिल हैं.

वंचित विद्यार्थियों में सबसे अधिक संख्या निजी संस्थानों के छात्रों की है. सभी पात्र विद्यार्थियों को दोबारा आवेदन का अवसर दिया जाएगा.

सीधे खाते में पहुंचेगी राशि

समाज कल्याण राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार असीम अरुण ने कहा कि सभी पात्र छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति का लाभ दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का संकल्प है कि किसी भी बच्चे की पढ़ाई आर्थिक या तकनीकी बाधाओं के कारण प्रभावित न हो.

छात्रवृत्ति की धनराशि सीधे विद्यार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी. भुगतान की प्रक्रिया 29 सितंबर से 2 अक्टूबर तक पूरी की जाएगी.