सतीश सिंह, लखनऊ. उत्तरप्रदेश कौशल विकास मिशन अब प्रदेश के युवाओं को सिर्फ देश के अंदर ही नहीं, बल्कि विदेश में भी अच्छी और सम्मानजनक नौकरियां दिलाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रहा है. इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन में ‘इंटरनेशनल एम्पलॉयमेंट सेल’ का गठन किया गया है. यह सेल युवाओं को वैश्विक रोजगार बाजार से जोड़ने का काम करेगी.
सेल का मुख्य काम विदेशी कंपनियों की मांग के हिसाब से युवाओं को ट्रेनिंग दिलाना और प्रशिक्षित युवाओं को पारदर्शी तरीके से अंतरराष्ट्रीय रोजगार से जोड़ना है. व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमशीलता राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के मुताबिक बेहतर रोजगार उपलब्ध कराना है. उन्होंने बताया कि इंटरनेशनल एम्पलॉयमेंट सेल के जरिए प्रशिक्षित युवाओं को विदेशों में रोजगार के अवसरों से जोड़ा जाएगा. इससे न सिर्फ युवाओं का भविष्य संवरेगा, बल्कि वे प्रदेश का नाम भी रोशन करेंगे.
इसे भी पढ़ें : UP-जापान रिश्तों में पर्यटन का नया रंग, 240 सदस्यीय दल करेगा काशी, आगरा और लखनऊ का दौरा
मिशन निदेशक पुलकित खरे ने बताया कि उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के तहत 35 प्रमुख सेक्टरों में 1,300 से ज्यादा जॉब रोल पर युवाओं को स्किल ट्रेनिंग दी जा रही है. अब इन प्रशिक्षित युवाओं को वैश्विक रोजगार बाजार से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि यह पहल प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य में भी मददगार साबित होगी. सेल हर 15 दिन में ‘मिशन रोजगार सेल’ के साथ बैठक करेगी. इसमें विभिन्न देशों और सेक्टरों में उपलब्ध नई नौकरियों की मांग की जानकारी जुटाई जाएगी. जिसके आधार पर योग्य युवाओं का डेटाबेस तैयार कर संबंधित एजेंसियों को उपलब्ध कराया जाएगा.
इन्वेस्ट UP के सहयोग से कुशल श्रमिको की मांग का होगा अध्ययन
निदेशक ने बताया कि इन्वेस्ट यूपी के सहयोग से विभिन्न देशों में कुशल श्रमिकों की मांग का अध्ययन भी किया जाएगा. जो युवा पहले से ट्रेनिंग ले चुके हैं लेकिन अभी तक रोजगार नहीं पा सके हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर विदेश में रोजगार से जोड़ने का प्रयास होगा. सेल भारत सरकार के विदेश मंत्रालय में पंजीकृत रिक्रूटिंग एजेंट्स, सेवायोजन निदेशालय और अन्य संबंधित संस्थाओं के साथ समन्वय करके काम करेगी.

