UP Weather Today. उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी की चपेट में है. कई जिलों में तापमान 47 डिग्री के पार पहुंच चुका है. मौसम विभाग के मुताबिक आगामी 28 मई को प्रदेश के कई जिलों में भयंकर गर्म हवा चल और लू सकती है. तापमान में तीन से चार डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है. इस बीच मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के 10 जनपद बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, वाराणसी, भदोही और जौनपुर में गर्मी और लू को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है.
मौसम विभाग के मुताबिक इसके अलावा लखनऊ समेत 17 जनपदों में येलो अलर्ट जारी किया है. विभाग की मानें तो अयोध्या, देवरिया, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, बाराबंकी, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, कासगंज, अमरोहा, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं में तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.
इसे भी पढ़ें : Ayodhya Ramlala Aarti Live Darshan 23 May: श्री रामलला सरकार का दिव्य श्रृंगार, यहां कीजिए अलौकिक दर्शन
पश्चिमी यूपी में 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी गर्म हवाएं चलने की भी संभावनाएं हैं. इन गर्म पछुआ हवाओं के कारण रात के तापमान में भी बढ़ोतरी होगी जिससे लोगों को वार्म नाइट (गर्म रात) का सामना करना पड़ सकता है.
बता दें कि शुक्रवार को प्रदेश में बुंदेलखंड का बांदा जनपद सबसे गर्म रहा. यहां अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं प्रयागराज, वाराणसी और आसपास के मैदानी क्षेत्रों में भी तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण तापमान लगातार बढ़ रहा है. मौसम विभाग की मानें तो प्रदेश में कोई सक्रिय मौसम तंत्र नहीं है. लिहाजा गर्मी को लेकर राहत मिलने के आसार नहीं हैं.

