UP Weather Update. उत्तर प्रदेश में मानसून पूरे जोर पर है. मंगलवार सुबह से जौनपुर, वाराणसी, अयोध्या, झांसी और गाजीपुर समेत 15 शहरों में बारिश हुई. काशी में सोमवार रात से ही रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रहा. यहां सड़कें लबालब हैं तो बाइक और कार के पहिए डूब गए. स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है. जौनपुर और गाजीपुर में भी 8वीं तक के स्कूल बंद कर दिए गए हैं. प्रदेश में मानसून की सक्रियता 27 अगस्त तक बने रहने की संभावना है. वहीं आज बुधवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश होने की संभावना है.
मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को उत्तर प्रदेश के करीब 29 जनपदों में भारी बारिश की संभावना है. विभाग के अनुसार चित्रकूट, प्रयागराज, मिर्जापुर, बांदा, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, कौशांबी, फतेहपुर, सोनभद्र, रामपुर, बरेली, जालौन, झांसी, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, हरदोई, बिजनौर, मुरादाबाद, ललितपुर, फर्रुखाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरेया, हमीरपुर और महोबा बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है.
इसे भी पढ़ें : Ayodhya Ramlala Aarti Live Darshan 26 August: श्री रामलला सरकार का दिव्य श्रृंगार, यहां कीजिए अलौकिक दर्शन
नदियां उफान पर, कई गांव टापू बने
बता दें लगातार हो रही बारिश से नदियां उफान पर हैं. करीब 19 जिले बाढ़ की चपेट में हैं. 92 गांवों में फसलें खराब हो गई हैं और 26 गांव टापू बन गए हैं. लखीमपुर खीरी में शारदा नदी पर बने तमोलिनपुरवा बांध का एक हिस्सा कट गया है, जिससे दर्जनों गांवों पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है. ललितपुर में खेड़ार नदी के पुल के ऊपर से करीब तीन फीट पानी बह रहा है और सिरसी पुल भी डूब गया है.
बारिश और बाढ़ से 4 लोगों की मौत
सोमवार से मंगलवार तक 24 घंटों में बारिश और बाढ़ से जुड़ी घटनाओं में 4 लोगों की मौत हो गई. अयोध्या के बीकापुर में तेज आंधी-बारिश से झोपड़ी ढहने से एक बच्चे और युवती की मौत हो गई. गाजीपुर में बाढ़ के पानी में डूबने से एक युवक की जान चली गई. मुगलसराय में कच्ची दीवार गिरने से एक मासूम की मौत हो गई. सोमवार को 65 शहरों में बारिश हुई थी. मथुरा में अंडरपास में 2 फीट पानी भर गया और कारें आधी डूब गईं. नोएडा में सेक्टर 62 मेट्रो स्टेशन की सीढ़ियों के पास पानी भर गया। झांसी में बेतवा नदी का बांध ओवरफ्लो हो गया.


