कुंदन कुमार/पटना। राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष सह सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने विपक्षी गठबंधन पर बिहार के हक के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए आर-पार की जंग का एलान कर दिया है। कुशवाहा ने घोषणा की कि महिला आरक्षण और परिसीमन के मुद्दे पर कांग्रेस-राजद के ‘अन्याय’ के खिलाफ कल, 22 अप्रैल को उनकी पार्टी बिहार के सभी जिला मुख्यालयों में ‘धिक्कार मार्च’ निकालेगी।
पिछड़े वर्ग की महिलाओं को मिले प्रतिनिधित्व
उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की आधी आबादी को सशक्त बनाने के लिए ऐतिहासिक कदम उठाया है। उन्होंने कहा, हमारी पार्टी महिला आरक्षण बिल का पुरजोर समर्थन करती है, लेकिन हमारा मानना है कि इसमें पिछड़े वर्ग (OBC) की महिलाओं को भी उचित प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि वर्तमान में जारी जातीय जनगणना का कार्य पूरा होने के बाद सरकार ओबीसी वर्ग के पुरुष और महिलाओं के आरक्षण के लिए ठोस प्रयास करेगी।
परिसीमन पर रोक के लिए कांग्रेस को ठहराया जिम्मेदार
सांसद ने परिसीमन के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि आपातकाल (इमरजेंसी) के दौरान कांग्रेस सरकार ने संविधान में संशोधन कर सीटों की संख्या बढ़ाने पर रोक लगा दी थी। कुशवाहा ने मांग की कि जनगणना के आधार पर लोकसभा और विधानसभा की सीटों का निर्धारण होना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी लगातार परिसीमन की मांग करती रही है ताकि जनता को बेहतर प्रतिनिधित्व मिल सके।
बिहार में सीटों का नया गणित
कुशवाहा ने बिहार के परिप्रेक्ष्य में बड़ा दावा करते हुए कहा कि अगर सीटों का परिसीमन सही ढंग से लागू हो, तो बिहार की राजनीतिक तस्वीर बदल जाएगी:
- लोकसभा: सीटें 40 से बढ़कर 60 हो सकती हैं।
- विधानसभा: 243 की जगह 365 सीटें हो जाएंगी।
उन्होंने कहा कि सीटों की संख्या बढ़ने से महिलाओं और युवाओं को राजनीति में आने का अधिक अवसर मिलेगा, जिसे विपक्ष ने हमेशा बाधित किया है।
विपक्ष के खिलाफ 22 अप्रैल को ‘धिक्कार मार्च’
राजद और कांग्रेस पर बिहार के साथ अन्याय करने का आरोप लगाते हुए कुशवाहा ने कहा कि केंद्र सरकार के नेक इरादों में विपक्ष ने हमेशा रोड़ा अटकाया है। उन्होंने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री का आभार जताते हुए कहा कि अब जनता के बीच जाकर विपक्ष को बेनकाब किया जाएगा। इसी उद्देश्य से कल पूरे बिहार में कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर विपक्ष के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराएंगे।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

