संजीव, सोनीपत। जल संरक्षण और कृत्रिम भूजल पुनर्भरण से जुड़ी सभी गतिविधियों का विवरण निर्धारित समय सीमा के भीतर जेएसजेबी पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश उपायुक्त नेहा सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से पूरा करने के लिए सभी विभाग गंभीरता के साथ कार्य करें।

शुक्रवार को सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग अग्रवाल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित उपायुक्तों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक में “जल संचय जन भागीदारी 2.0” अभियान के अंतर्गत विभिन्न विभागों को सौंपे गए कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।

वीसी के बाद उपायुक्त नेहा सिंह ने कैंप कार्यालय में एचएसवीपी, नगर परिषद, पंचायती विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर जल संरक्षण एवं कृत्रिम भूजल पुनर्भरण संरचनाओं से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान अब तक किए गए कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।
डीसी ने कहा कि वर्तमान समय में जल संरक्षण सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा चलाए जा रहे अभियान को सफल बनाने के लिए विभागीय समन्वय के साथ आमजन की भागीदारी भी जरूरी है। सभी अधिकारी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ अभियान को गति दें।
बैठक में एडीसी अजय चोपड़ा, डीडीपीओ मनीष मलिक, एक्सईएन विनोद कुमार, एक्सईएन कुलबीर, सीएमजीजीए प्रखर सचन, ईओ सिद्धार्थ कुमार, पीओ प्रवीन समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

