प्रयागराज: उत्तर प्रदेश में खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर है. उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) जल्द ही 238 रिक्त पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर सकता है. बेसिक शिक्षा निदेशालय की ओर से इन पदों का अधियाचन आयोग को भेज दिया गया है. इसके बाद भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ने का रास्ता साफ हो गया है. विज्ञापन जारी करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में बताई जा रही है.

छह साल से भर्ती का इंतजार

प्रदेश में खंड शिक्षा अधिकारी के पदों पर भर्ती का इंतजार करीब छह साल से हो रहा है. अर्हता से जुड़े विवाद और दूसरी अड़चनें दूर होने के बाद बेसिक शिक्षा निदेशालय ने रिक्त पदों का सत्यापन किया. इसके बाद आयोग को ऑनलाइन अधियाचन भेजा गया. पिछले साल भी भर्ती के लिए अधियाचन भेजा गया था, लेकिन नियमावली से जुड़ी समस्या के कारण आयोग ने इसे वापस कर दिया था. आयोग ने वर्ष 2019 में BEO के 309 पदों पर भर्ती निकाली थी.

238 पदों पर मांगे जाएंगे आवेदन

प्रदेश में खंड शिक्षा अधिकारियों के कुल 1,031 पद स्वीकृत हैं. इनमें 350 से अधिक पद खाली बताए जा रहे हैं. फिलहाल 238 पदों पर भर्ती के लिए अधियाचन भेजा गया है. इन्हीं पदों के लिए आयोग विज्ञापन जारी कर आवेदन मांगेगा. पदों का आरक्षण और अन्य जरूरी विवरण नोटिफिकेशन में दिए जाएंगे.

B.Ed. अभ्यर्थियों को मिलेगा मौका

इस भर्ती में बीएड उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को पात्र माना गया है. बीएड के समकक्ष अन्य पाठ्यक्रम करने वाले अभ्यर्थी आवेदन के पात्र नहीं होंगे. अभ्यर्थियों को सलाह है कि वे आवेदन से पहले आधिकारिक नोटिफिकेशन में दी गई शैक्षिक योग्यता और अन्य शर्तों को ध्यान से पढ़ें.

नोटिफिकेशन के बाद शुरू होंगे आवेदन

अधियाचन मिलने के बाद आयोग आरक्षण और पात्रता से जुड़े विवरण के आधार पर भर्ती विज्ञापन जारी करेगा. इसके बाद ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू होगी. आगे परीक्षा और चयन प्रक्रिया आयोग के नियमों के अनुसार पूरी की जाएगी. अभ्यर्थियों को भर्ती से जुड़ी तारीखों, आवेदन की अंतिम तिथि और परीक्षा संबंधी जानकारी के लिए UPPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर रखनी चाहिए. अभी नोटिफिकेशन जारी होने की तारीख और आवेदन की समय-सीमा की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है.