नवी शर्मा, हांसी। हरियाणा के हांसी के भीम राव अंबेडकर चौक पर स्थापित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा की नेम प्लेट आंधी के कारण गिरने के बाद मामला गरमा गया। इस घटना से नाराज़ अनुसूचित जाति समाज के लोगों ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि उनके समाज के साथ अभद्र व्यवहार किया गया, जिससे समाज में आक्रोश ओर बढ़ गया।

प्रदर्शन के बाद समाज के प्रतिनिधियों ने जिला उपायुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

रवींद्र रंगा ने आरोप लगाया कि इस तरह प्रतिमा गिरना उनके समाज के लोगों के साथ अभद्र व्यवहार है। उन्होंने कहा कि यह मामला सिर्फ नेम प्लेट गिरने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज की भावनाओं से भी जुड़ा हुआ है। रवींद्र रंगा ने साफ कहा कि इस मुद्दे को किसी भी हाल में दबने नहीं दिया जाएगा और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए ठोस कदम उठाए जाएं। समाज के लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
नवीन कुमार ने बताया कि यह प्रतिमा लाखों रुपये की लागत से बनाई गई थी, इसके बावजूद इतनी जल्दी नेम प्लेट का गिरना घटिया सामग्री के इस्तेमाल की ओर इशारा करता है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और जांच में क्या सामने आता है।

