० 20% से घटाकर 8% बोनस करने पर कर्मचारियों में नाराजगी, महंगाई का हवाला देकर पुरानी व्यवस्था बहाल करने की मांग

फरीदाबाद। सेक्टर-28 स्थित शाही एक्सपोर्ट कंपनी में बोनस कटौती को लेकर कर्मचारियों का विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार दूसरे दिन सैकड़ों कर्मचारी कंपनी परिसर के बाहर एकत्र हुए और बोनस में की गई कटौती के खिलाफ प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जातीं, आंदोलन जारी रहेगा।

प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का कहना है कि कंपनी पहले 20 फीसदी बोनस देती थी, लेकिन अब इसे घटाकर 8 फीसदी कर दिया गया है। उनका आरोप है कि कंपनी अपने मुनाफे को बढ़ाने के लिए कर्मचारियों के हितों की अनदेखी कर रही है। बढ़ती महंगाई के बीच बोनस में कटौती से उनके परिवारों का आर्थिक संतुलन बिगड़ गया है।

कर्मचारियों के मुताबिक, कोरोना महामारी के बाद से बोनस में लगातार कमी की जा रही है। कई वर्षों से कंपनी में कार्यरत महिला कर्मचारियों ने बताया कि महंगाई लगातार बढ़ रही है, लेकिन कर्मचारियों को मिलने वाले लाभ घटाए जा रहे हैं, जिससे आर्थिक परेशानियां बढ़ गई हैं।


प्रबंधन पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप
प्रदर्शनकारियों ने प्रबंधन पर दोहरे मापदंड अपनाने का भी आरोप लगाया। उनका कहना है कि जहां वरिष्ठ अधिकारियों के वेतन और सुविधाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, वहीं कर्मचारियों के बोनस में कटौती की जा रही है। पहले भी इस फैसले का विरोध किया गया था, लेकिन प्रबंधन ने उनकी मांगों पर कोई ध्यान नहीं दिया।

प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कर्मचारियों से बातचीत कर स्थिति को शांत करने का प्रयास किया। हालांकि कर्मचारियों ने साफ कर दिया कि 20 फीसदी बोनस बहाल होने तक उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। फिलहाल कंपनी प्रबंधन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।