शब्बीर अहमद, भोपाल। राजधानी भोपाल कलेक्टर कार्यालय में आयोजित ‘दिशा’ (जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति) की बैठक में उस समय भारी हंगामा और राजनीतिक बवाल खड़ा हो गया, जब विकास कार्यों पर चर्चा के दौरान जनप्रतिनिधियों का गुस्सा फूट पड़ा। बैठक में न सिर्फ शहर की खस्ताहाल सड़कों और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर तीखे सवाल उठे, बल्कि कांग्रेस विधायकों और जनपद अध्यक्ष के बीच मर्यादा की सीमाएं भी लांघ दी गईं। तीखी नोंकझोंक और बदतमीजी के आरोपों के बाद कांग्रेस विधायकों ने बैठक का बहिष्कार कर दिया।
सड़कों के गड्ढों और अमृत 2.0 पर फूटा विधायकों का गुस्सा
बैठक की शुरुआत में भोपाल की बदहाल सड़कों, पेंच वर्क और विकास कार्यों की अधूरी जानकारी को लेकर जनप्रतिनिधियों ने कड़ी नाराजगी जताई। दक्षिण-पश्चिम विधायक ने निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हुए कहा, पूरा शहर खुदा पड़ा है, जनता परेशान हो रही है। शहर में कहां क्या काम चल रहा है, हमें इसकी कोई जानकारी ही नहीं दी जाती। एक सड़क खोदने के बाद वहीं दूसरी लाइन के लिए दोबारा खुदाई कर दी जाती है, जिससे लोग त्रस्त हैं। बैठक में अमृत 2.0 योजना के क्रियान्वयन को लेकर भी सवाल उठाए गए। इस पर नगर निगम कमिश्नर संस्कृति जैन ने सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया कि जमीनी स्तर पर समस्याएं मौजूद हैं।
‘औकात’ और ‘निपट लेने’ की धमकी
अधिकारियों और जनप्रनिधियों के बीच चल रही यह बैठक उस समय अखाड़े में तब्दील हो गई, जब शहर के ‘मास्टर प्लान’ को लेकर चर्चा शुरू हुई। चर्चा के दौरान कांग्रेस विधायकों और जनपद अध्यक्ष के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि कैमरे के सामने ही अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया गया। विवाद के दौरान जनपद अध्यक्ष प्रमोद राजपूत ने कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद और आतिफ अकील को सीधे तौर पर कहा- “औकात में रहो।” बात यहीं नहीं रुकी, उन्होंने आगे धमकी भरे लहजे में कहा, “बदमाशी भी कर लूंगा, राजपूत हूं निपट लूंगा।”पूरा वाक्या कैमरे में कैद हो गया। इस तीखी नोंकझोंक और बदतमीजी के बाद कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद और आतिफ अकील बेहद नाराज होकर बैठक बीच में ही छोड़कर बाहर निकल गए।
शिकायत विधानसभा अध्यक्ष से करूंगा
बैठक से बाहर आकर विधायक आरिफ मसूद ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा- बैठक में की गई बदतमीजी और बेइज्जती को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह सीधे तौर पर विधायकों के विशेषाधिकार का हनन है। मैं इस पूरे मामले की लिखित शिकायत विधानसभा अध्यक्ष से करूंगा। बैठक में भोपाल सांसद आलोक शर्मा, भाजपा विधायक भगवान दास सबनानी, कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद, आतिफ अकील सहित जिला कलेक्टर और भोपाल निगम कमिश्नर संस्कृति जैन समेत तमाम आला अधिकारी मौजूद थे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

