प्रदीप मालवीय, उज्जैन। एमपी के उज्जैन में बीती रात एक सड़क हादसे के बाद जिला चिकित्सालय में जमकर हंगामा देखने को मिला। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है, जहां कार्तिक मेला ग्राउंड क्षेत्र में ऑटो और बाइक की भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिजन घायल युवक को उपचार के लिए चरक अस्पताल लेकर पहुंचे।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने युवक का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन बाद में उसे रेफर किए जाने की बात कही गई। इस दौरान परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए। परिजनों का कहना था कि रात के समय अस्पताल में पर्याप्त डॉक्टर मौजूद नहीं थे, जिसके चलते घायल को रेफर किया गया।
परिजनों ने अस्पताल परिसर का वीडियो भी बनाया, जिसमें लोग यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि अस्पताल में ना तो डॉक्टर मौजूद हैं और ना ही एंबुलेंस के ड्राइवर। उनका आरोप था कि अस्पताल परिसर में तीन एंबुलेंस खड़ी थीं, लेकिन कोई चालक मौजूद नहीं था, जिससे घायल को दूसरे अस्पताल ले जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
इसी बात से नाराज परिजन भड़क गए और चरक भवन में हंगामा करते हुए अस्पताल के गेट के कांच फोड़ दिए। घटना के दौरान अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अस्पताल में मौजूद स्टाफ और मरीज भी दहशत में आ गए।
वहीं मामले में एडिशनल एसपी अलोक शर्मा ने बताया कि चरक अस्पताल में कांच तोड़ने की घटना सामने आई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार्तिक मेला ग्राउंड क्षेत्र में एक्सीडेंट हुआ था, जिसके बाद एंबुलेंस के विलंब से पहुंचने की बात सामने आई। इसी से नाराज होकर घायल के परिजनों ने अस्पताल पहुंचकर हंगामा किया और गेट के कांच तोड़ दिए।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामले का संज्ञान लेकर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित जो भी धाराएं लागू होंगी, उनके तहत कार्रवाई की जाएगी।
वहीं इस मामले में सिविल सर्जन डॉ संगीता पलसानिया ने बताया कि अस्पताल में घायल युवक का प्राथमिक उपचार किया गया था। अस्पताल प्रबंधन पूरे मामले की जांच कर रहा है। साथ ही अस्पताल की व्यवस्थाओं और घटना के दौरान हुई तोड़फोड़ को लेकर भी रिपोर्ट तैयार की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

