अनिल मालवीय, इछावर। आस्था के बड़े केंद्र कुबेरेश्वरधाम से एक बेहद चौंकाने वाली और आक्रोशित करने वाली खबर सामने आ रही है। लाखों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र में अब दुकानदारों के पेट पर लात मारने का खेल शुरू हो गया है। पंडित प्रदीप मिश्रा के एकतरफा और कथित तानाशाही फैसले के विरोध में आज धाम के बाहर सैकड़ों छोटे-बड़े व्यापारी सड़क पर उतर आए हैं और उग्र धरने पर बैठ गए हैं।
मामला कुबेरेश्वरधाम के गेट नंबर 1 और गेट नंबर 2 को अचानक बंद किए जाने का है। इन दोनों मुख्य द्वारों को बंद करने से इसके आसपास दुकान लगाने वाले स्थानीय दुकानदारों की रोजी-रोटी पूरी तरह ठप हो गई है। ग्राहकी शून्य होने से भड़के व्यापारियों ने अब आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है।
लाखों का निवेश खाक, दाने-दाने को मोहताज हुए व्यापारी
लोगों का आरोप है कि उन्होंने कुबेरेश्वरधाम के भरोसे, कर्ज लेकर और अपनी जमा-पूंजी लगाकर यहाँ दुकानें खोली थीं। लेकिन प्रबंधन ने बिना किसी पूर्व सूचना या ठोस वजह के गेट नंबर 1 और 2 पर ताला जड़ दिया। लोग कह रहे है कि प्रदीप मिश्रा व्यासपीठ से तो बड़े-बड़े प्रवचन देते हैं, लेकिन जमीन पर गरीब दुकानदारों के पेट पर लात मार रहे हैं। गेट बंद होने से हमारी दुकानें कबाड़ बन गई हैं। हमारे बच्चे भूखे मरने की कगार पर हैं।
आस्था के नाम पर स्थानीय लोगों की बलि क्यों?
व्यापारियों का कहना है कि सीहोर के स्थानीय लोगों ने कुबेरेश्वरधाम को खड़ा करने और यहाँ आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा में कोई कसर नहीं छोड़ी। लेकिन आज जब धाम का नाम बड़ा हो गया, तो स्थानीय छोटे व्यापारियों को ही दरकिनार किया जा रहा है। गेट नंबर 1 और 2 बंद होने से श्रद्धालुओं का आवागमन दूसरे रास्तों से कर दिया गया है, जिससे इन गेटों के सामने सन्नाटा पसरा है। कई दुकानदारों ने सीजन को देखते हुए लाखों रुपये का सामान भरा था, जो अब सड़ने की कगार पर है। व्यापारियों ने साफ कर दिया है कि जब तक दोनों गेटों को दोबारा नहीं खोला जाता, तब तक उनका यह उग्र धरना प्रदर्शन समाप्त नहीं होगा।
प्रबंधन की चुप्पी पर उठ रहे हैं गंभीर सवाल
इस पूरे बवाल पर पंडित प्रदीप मिश्रा और कुबेरेश्वरधाम समिति की चुप्पी स्थानीय जनता और व्यापारियों के जख्मों पर नमक छिड़कने का काम कर रही है। आखिर किसके इशारे पर और किस फायदे के लिए इन दो गेटों को बंद किया गया? क्या धाम प्रशासन सिर्फ बड़े चढ़ावे और रसूखदारों की परवाह करता है?
गेट नंबर 1 और 2 को तत्काल प्रभाव से खोला जाए
इस संबंध में वितलेश सेवा समिति के समीर शुक्ला का कहना है कि आगामी कावड़ यात्रा की तैयारी को लेकर कारीडोर बनाने का काम चल रहा हैं इसलिए गेट बंद किया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

