नवोदित, कुरुक्षेत्र। देश के प्रतिष्ठित संस्थान एनआईटी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की छात्रा दीक्षा केशव की आत्महत्या के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई है। घटना के विरोध में छात्रों ने देर रात तक प्रदर्शन किया और कैंडल मार्च निकाला। बिगड़ते हालात को देखते हुए संस्थान प्रबंधन ने 4 मई तक छुट्टियां घोषित कर दी हैं और परीक्षाएं 5 मई तक टाल दी गई हैं। डरे हुए छात्र कैंपस छोड़कर अपने घरों की ओर लौट रहे हैं।

पोस्टमार्टम के बाद परिजन दीक्षा का पार्थिव शरीर लेकर बिहार रवाना हो गए हैं। इस दौरान पोस्टमार्टम हाउस के बाहर भावुक कर देने वाला दृश्य दिखा, जहां दीक्षा के छोटे भाई अपने पिता को संभालते नजर आए। पुलिस के अनुसार, शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के बोर्ड द्वारा वीडियोग्राफी के साथ कराया गया है। हालांकि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, लेकिन पुलिस संस्थान में पूर्व में हुए अन्य सुसाइड मामलों को जोड़कर भी जांच कर रही है।

दीक्षा के पिता शशि कुमार दुबे ने बेटी की मौत पर गहरा संदेह व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि दीक्षा पढ़ने में बहुत होनहार थी और मानसिक रूप से मजबूत थी, ऐसे में उसके द्वारा उठाया गया यह कदम किसी गहरी साजिश की ओर इशारा करता है। पिता ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस ने सही जांच नहीं की, तो वे सीबीआई जांच की मांग करेंगे। उनके अनुसार, एनआईटी प्रशासन सहयोग तो कर रहा है, लेकिन घटना का असली सच संस्थान के भीतर ही दबा हुआ है।