पुरुषोत्तम पात्र, गरियाबंद। मैनपुर मुख्यालय में आज जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव मनाया गया, जो अव्यवस्थाओं की भेंट चढ़ गया। आयोजन को लेकर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल भी खड़े हो गए। आयोजन क्षेत्रीय सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक जनक राम ध्रुव के आतिथ्य में तय हुआ, लेकिन कार्यक्रम से पहले ही शिक्षा व्यस्था दुरुस्त नहीं होने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने मुख्य अतिथि सांसद को काला झंडा दिखाकर विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया, जिसके चलते आज सुबह 6 बजे से मैनपुर पुलिस कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष रामकृष्ण ध्रुव समेत दर्जनभर अन्य पदाधिकारियों को नजर बंद कर दिया। काला झंडा का खौफ इतना कि आयोजन में शामिल होने काला शर्ट पहनकर पहुंचे पूर्व भाजयुमो जिला अध्यक्ष एवं वर्तमान जनपद सदस्य माखन कश्यप को भी नजर बंद कर दिया गया।
भाजयुमो नेता कश्यप ने कहा कि वे अपना लेटरपैड बतौर प्रमाण दिखाते रहे पर नहीं सुनी गई। उन्होंने कहा कि प्रशासन को जनप्रतिनिधियों की पहचान होनी थी। मैं कला झंडा से अनजान था। कपड़े संजोग बस काला पहन लिया था। माखन ने कहा कि आमंत्रण में नाम प्रकाशन से लेकर आवभगत तक प्रशासन ने स्थानीय निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा की है।


निर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने किया बायकॉट
आयोजन के आमंत्रण पत्र प्रकाशन को लेकर भी नाराजगी खुलकर सामने आई। जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष के नाम आमंत्रण कार्ड में नहीं छपे, लेकिन अतिथियों की इस लंबी फेहरिस्त में स्थानीय निर्वाचित जनप्रतिनिधि जैसे शिक्षा समिति के पदेन पदाधिकारी माने जाने वाले जनपद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष के नाम के अलावा स्थानीय जिला पंचायत सदस्य के नाम नहीं थे, बल्कि सत्तासीन संगठन के पदाधिकारी के नाम छापे। आरोप है कि सरकारी आयोजन को संगठनात्मक रूप देने की कोशिश हुई है इसलिए आयोजन में ब्लॉक के 74 में से 73 पंचायत के सरपंच और ज्यादातर जनपद सदस्य शामिल नहीं हुए।

नेताओं ने आयोजन का विरोध किया, कांग्रेस विधायक हुए शामिल
एक तरफ कांग्रेस संगठन ने स्कूल भवनों की अव्यवस्था को लेकर शुरू से मोर्चा खोला हुआ था पर कांग्रेस विधायक जनक ध्रुव आयोजन में शामिल हुए। इस विरोधाभास परिदृश्य की चर्चा भी राजनीति गलियारों में होती रही। नजर बंद कांग्रेस नेताओं को जब मांग पत्र मांगा गया तो उन्होंने भी चार लाइन के ज्ञापन में अपनी मांगे समेट दिया। हालांकि जिस अव्यवस्था की बात कर रहे थे उसके आंकड़े जब हमने जुटाए तो बेहद चौकाने वाले थे। मैनपुर ब्लॉक में 2018 में कुल 114 स्कूल भवन के मरम्मत के लिए जतन योजना से लाखों रुपए दिए। राशि 80 फीसदी आहरण भी हो गए पर अब तक 90 भवनों का मरम्मत कार्य अधूरा पड़ा है, जिस पर प्रशासन ने अब तक कोई ठोस एक्शन नहीं लिया है।

कार्यकर्ताओं से बगैर मिले गई सांसद तो बिफरे भाजपाई
राजनीति की भेंट चढ़ चुकी मंच के बाद सांसद का मन भी खराब हो गया। रुपकुमारी चौधरी कार्यकम में औपचारिक रूप से शामिल हुई पर वे कार्यकताओ से नहीं मिल पाई। इससे किसान मोर्चा प्रदेश विशेष आमंत्रित सदस्य कुमारी बाई पटेल, मंडल उपाध्यक्ष परमिला सोनवानी, महिला मोर्चा महामंत्री गौरी मरकाम, पी वर्ग प्रदेश मंत्री नरोत्तम साहू, अजा मोर्चा जिला महामंत्री कोमल सोनवानी, वरिष्ठ किशोर यादव, महिला मोर्चा महामंत्री बेना साहू, मंडल उपाध्यक्ष हमेश्वरी कश्यप ने नाराजगी जताई।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

