रायपुर। सुशासन तिहार कार्यक्रम में भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प का मामला सामने आया है। कांग्रेस कार्यकर्ता बीजेपी विधायक मोतीलाल साहू की गाड़ी के सामने लेट गए और वापस जाओ के नारे लगाए। इस दौरान भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने हुए। पुलिस ने बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित किया। पूरा मामला खमतराई थाना क्षेत्र के रावाभाठा, बीरगांव का है।
जानकारी के मुताबिक जिला प्रशासन ने बीरगांव में सुशासन तिहार शिविर का आयोजन किया था, जिसका विरोध करने कांग्रेस कार्यकर्ता पहुंचे थे। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम स्थल के बाहर जमकर नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस की ओर से लगाए गए बैरिकेड के पास कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई।


इन मुद्दों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे कांग्रेसी
कांग्रेस कार्यकर्ता महिलाओं को आवासीय पट्टा वितरण, 500 रुपए में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने और महतारी वंदन योजना की राशि से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ कार्यक्रम स्थल के आसपास काफी देर तक नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू के खिलाफ भी नारेबाजी की।
विधायक का काफिला रोकने का किया प्रयास
कांग्रेस के ग्रामीण जिला अध्यक्ष पप्पू बंजारे, स्थानीय पार्षदों और अन्य कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में प्रदर्शन हुआ। इस दौरान विधायक का काफिला भी रोकने का प्रयास किया गया, हालांकि पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर आवागमन सामान्य कराया।कांग्रेस ग्रामीण जिला अध्यक्ष पप्पू बंजारे ने कहा कि उनका प्रदर्शन पूर्व निर्धारित था और इसकी जानकारी पहले से प्रशासन को दी गई थी। कांग्रेस कार्यकर्ता जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने पहुंचे थे। उनकी मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है, इसलिए लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराया गया।
देखें वीडियो –
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

