कुमार इंदर, जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में दो अलग-अलग धर्मों के युवक-युवती के विवाह को लेकर भारी हंगामा देखने को मिला। हिंदू धर्म सेना के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में कलेक्ट्रेट परिसर पहुंच गए और चल रहे विवाह को रुकवा दिया। संगठन ने युवती पर दबाव बनाकर शादी करने और इसके पीछे धर्मांतरण (Conversion) का षड्यंत्र रचने का गंभीर आरोप लगाया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिंदू युवती और ईसाई समुदाय के युवक के विवाह
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक हिंदू युवती और ईसाई समुदाय के युवक के बीच विवाह की प्रक्रिया चल रही थी। इसकी भनक लगते ही हिंदू धर्म सेना के कार्यकर्ता आक्रोशित होकर बड़ी संख्या में कलेक्ट्रेट पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
पहचान छुपाने और धर्मांतरण का आरोप
हिंदू धर्म सेना का दावा है कि युवक ने अपनी वास्तविक पहचान छुपाकर युवती से संपर्क किया था। संगठन का आरोप है कि युवक ने अपना नाम ‘अंकुश’ बताया था, जबकि असलियत में वह ईसाई समुदाय से ताल्लुक रखता है। कार्यकर्ताओं ने अंदेशा जताया कि यह मामला सुनियोजित तरीके से शादी की आड़ में धर्मांतरण कराने का है। संगठन के पदाधिकारियों का कहना था कि युवती पर अनुचित दबाव डालकर यह विवाह कराया जा रहा था, जिसका विरोध करना जरूरी था।
पुलिस की दखल और समझाइश
कलेक्ट्रेट परिसर में अचानक हुए इस हंगामे और तनाव की सूचना मिलते ही ओमती थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस बल ने स्थिति को संभालते हुए दोनों पक्षों को शांत कराया और सभी संबंधित लोगों को थाने ले जाकर पूछताछ शुरू की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

