रांची। अपनी मांगों को लेकर प्रोजेक्ट भवन सचिवालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का आंदोलन बुधवार को अचानक उग्र हो गया। दोपहर करीब 2 बजे सैकड़ों की संख्या में प्रदर्शनकारियों ने मुख्य द्वार पर लगी बैरिकेडिंग तोड़ दी और सुरक्षा घेरा लांघकर सचिवालय परिसर के भीतर प्रवेश कर गए।
पुलिस और प्रदर्शनकारियों में धक्का-मुक्की
बैरिकेडिंग टूटने के बाद पुलिस बल और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। प्रदर्शनकारी लगातार मांग कर रहे थे कि सरकार की ओर से कोई वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और उनसे बातचीत करे।
स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए मौके पर पहले से तैनात पुलिस बल के अलावा आसपास के थानों से भी अतिरिक्त जवानों को बुलाया गया है।
बातचीत की मांग पर अड़े अभ्यर्थी
अभ्यर्थियों का कहना है कि वे अपनी मांगों को लेकर लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं और अब सरकार के वरीय अधिकारियों से सीधे वार्ता चाहते हैं। प्रदर्शनकारियों के पीछे नहीं हटने पर पुलिस की ओर से बल प्रयोग किए जाने की आशंका भी जताई जा रही है।फिलहाल प्रोजेक्ट भवन परिसर और मुख्य द्वार के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है तथा स्थिति पर पुलिस लगातार नजर बनाए हुए है।

