सुदीप उपाध्याय, बलरामपुर। गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान डीजे बंद कराने को लेकर रामानुजगंज में पुलिस और गणेश पूजा समिति के लोगों के बीच विवाद हो गया। डीजे बंद कराने की कार्रवाई से नाराज समिति के लोगों ने रामानुजगंज थाने का घेराव कर दिया। करीब आधे घंटे तक बड़ी संख्या में लोग थाने के बाहर जुटे रहे, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।
जानकारी के मुताबिक, गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान पुलिस ने डीजे बंद कराया। इसी बात को लेकर गणेश पूजा समिति के लोग नाराज हो गए और पुलिस की कार्रवाई का विरोध करते हुए थाने पहुंच गए। देखते ही देखते लोगों की भीड़ थाने के बाहर जमा हो गई।


स्थिति संभालने बुलाया अतिरिक्त बल
मौके की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने एहतियातन अतिरिक्त बल बुलाया। पुलिस अधिकारियों ने समिति के लोगों से बातचीत कर उन्हें समझाइश दी। अधिकारियों ने डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों से जुड़े निर्धारित निर्देशों का पालन करने की बात कही।काफी देर तक चली बातचीत और समझाइश के बाद समिति के लोग थाने से वापस लौटे। इसके बाद स्थिति सामान्य हो गई।फिलहाल रामानुजगंज क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



