गढ़वा। कांडी प्रखंड में प्रधानाध्यापक के प्रतिनियोजन को लेकर गुरुवार को छात्रों का विरोध प्रदर्शन अचानक उग्र हो गया। राजकीयकृत प्लस टू उच्च विद्यालय, कांडी के छात्रों ने स्कूल के बाहर प्रदर्शन करते हुए कांडी-भवनाथपुर मुख्य सड़क को जाम कर दिया।

प्रधानाध्यापक मलय कुमार सिंह का 12 अगस्त को डंडई प्रखंड के लवाही कला उच्च विद्यालय में प्रतिनियोजन किया गया था। इस फैसले के विरोध में गुरुवार को बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं सड़क पर उतर आए।छात्रों ने हाथों में पोस्टर-बैनर लेकर नारेबाजी की और प्रतिनियोजन रद्द करने की मांग की।

विरोध प्रदर्शन के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई। छात्रों पर पथराव और तोड़फोड़ करने के आरोप लगे। सड़क जाम होने से मुख्य मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।

मीडिया हाउस में तोड़फोड़ का आरोप

हंगामे के दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों पर स्थानीय मीडिया हाउस में घुसकर तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया गया है। बताया जा रहा है कि कार्यालय में रखे कुर्सी, टेबल, पंखे समेत अन्य सामान को नुकसान पहुंचाया गया।इसके बाद मीडिया हाउस में आग लगाए जाने का भी आरोप सामने आया है। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।

पुलिस-प्रशासन अलर्ट

घटना की सूचना के बाद पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचे। फिलहाल स्थिति को नियंत्रित करने और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। प्रदर्शन के पीछे छात्रों की मांग और हिंसा की घटनाओं को लेकर प्रशासन आगे की कार्रवाई में जुटा है।