टोहाना। फतेहाबाद जिले के टोहाना में शुक्रवार को सवारियां बैठाने को लेकर ऑटो और ई-रिक्शा ड्राइवरों के बीच बीच सड़क पर जमकर लाठी-डंडे चले। इस हिंसक झड़प में एक ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है।

वारदात के बाद गुस्साए ई-रिक्शा चालकों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर चंडीगढ़ रोड पर जाम लगा दिया। सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद चालकों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया।

लोहे की रॉड और डंडों से पीटा, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

इस पूरी मारपीट का एक लाइव वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल (Viral Video) हो रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि तीन से चार लोग एक ई-रिक्शा चालक को घेरकर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से बेरहमी से पीट रहे हैं। मारपीट में डांगरा गांव का रहने वाला ई-रिक्शा ड्राइवर जनक बुरी तरह घायल हो गया। उसे तुरंत टोहाना के नागरिक अस्पताल (Civil Hospital) में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घायल जनक पिछले सवा साल से टोहाना में ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का पेट पाल रहा है।

बस स्टैंड पर कब्जे को लेकर पुराना है विवाद

ई-रिक्शा यूनियन के प्रधान टीटू ने बताया कि टोहाना के नए बस स्टैंड (New Bus Stand Tohana) पर गाड़ियों को खड़ा करने और सवारी बैठाने को लेकर ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के बीच अक्सर विवाद होता रहता है। शुक्रवार को भी जनक सवारियां लेकर जा रहा था, तभी यूनियन बैंक के पास ऑटो ड्राइवर सीताराम ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर उसे रोक लिया और अचानक हमला कर दिया।

बस स्टैंड के पास जगह और रूट को लेकर आए दिन झगड़े होते हैं। हमने इस समस्या के पक्के समाधान के लिए रोडवेज विभाग (Haryana Roadways) को कई बार लिखित में शिकायतें भेजीं, लेकिन सरकारी अफसरों ने समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की। इसी लापरवाही का नतीजा आज इस बड़ी मारपीट के रूप में सामने आया है।”

पुलिस बोली- बयान दर्ज कर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई

बता दें कि इससे पहले टोहाना रेलवे स्टेशन (Railway Station) पर भी इन दोनों पक्षों के बीच ऐसा ही विवाद हुआ था, जिसे रेलवे विभाग ने अपनी सूझबूझ से सुलझा लिया था। लेकिन बस स्टैंड पर अभी तक कोई नियम तय नहीं होने से हालात तनावपूर्ण हैं।

मामले की जानकारी देते हुए शहर थाना प्रभारी कुलदीप सिंह (SHO Kuldeep Singh) ने बताया कि अस्पताल से उन्हें ड्राइवर के घायल होने की सूचना मिली है। पुलिस की एक जांच टीम (Investigation Team) को अस्पताल भेजा गया है। घायल जनक के बयान दर्ज किए जा रहे हैं, जिसके आधार पर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कर आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी

हरियाणा की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें