कांकेर। भानुप्रतापपुर में लोक निर्माण विभाग (PWD) से जुड़े करोड़ों रुपये के भुगतान, कथित कमीशनखोरी और कर्मचारी से मारपीट का मामला सुर्खियों में है। सड़क निर्माण कंपनी और विभागीय कर्मचारी के बीच शुरू हुआ विवाद पुलिस जांच तक पहुंच गया है। 4 करोड़ 65 लाख रुपये के भुगतान को लेकर उठे विवाद के बीच PWD के संभागीय लेखापाल सूरज कुमार ने ठेकेदार पक्ष पर घर में घुसकर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
वहीं KLA कंपनी के संचालक पवन अग्रवाल ने SDOP कार्यालय में शिकायत देकर विभागीय कर्मचारी पर कमीशन मांगने और भुगतान रोकने का आरोप लगाया है। लेखापाल की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है।

जानकारी के अनुसार, अंतागढ़ से नारायणपुर तक सड़क निर्माण कार्य कर रही KLA कंपनी के संचालकों ने PWD संभाग भानुप्रतापपुर में पदस्थ संभागीय लेखापाल सूरज कुमार पर 10 लाख रुपये कमीशन मांगने और करीब 4 करोड़ 65 लाख रुपये का भुगतान रोकने का आरोप लगाया। साथ ही कंपनी संचालक पवन अग्रवाल ने SDOP कार्यालय में कमीशन मांगने और भुगतान लटकाने का आरोप लगाते हुए शिकायत की है।

लेखापाल की शिकायत
पीडब्ल्यूडी भानुप्रतापपुर में पदस्थ संभागीय लेखापाल सूरज कुमार ने भानुप्रतापपुर थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि वह पिछले तीन वर्षों से लोक निर्माण विभाग में कार्यरत हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि 7 मई 2026 को फर्म कन्हैया लाल अग्रवाल के पार्टनर नवीन अग्रवाल ने उनके घर की बाउंड्री के अंदर घुसकर गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों व लात से मारपीट की। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि घटना वाले दिन सुबह करीब 11:30 बजे कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर प्रदीप कुमार वर्मा उनके कार्यालय पहुंचे थे और अंतागढ़-नारायणपुर सड़क निर्माण कार्य के तीसरे चल देयक के भुगतान की मांग कर रहे थे। इस पर उन्होंने बताया कि संबंधित फाइल और टीप पत्रक 6 मई को ही कार्यपालन अभियंता के समक्ष प्रस्तुत किया जा चुका है तथा भुगतान की अंतिम स्वीकृति कार्यपालन अभियंता द्वारा ही दी जानी है।
शिकायत के अनुसार, दोपहर करीब 2:18 बजे जब वह खाना खाकर कार्यालय लौटने की तैयारी कर रहे थे, तभी प्रदीप कुमार वर्मा उन्हें बुलाने पहुंचे और कहा कि नवीन अग्रवाल उनसे मिलना चाहते हैं। सूरज कुमार के मुताबिक, जैसे ही वह घर के नीचे पहुंचे, नवीन अग्रवाल ने भुगतान को लेकर नाराजगी जताई और कथित रूप से धक्का देकर थप्पड़ मार दिया, जिससे उन्हें चक्कर आने लगा।
CCTV फुटेज भी पुलिस को सौंपा
सूरज कुमार ने आरोप लगाया कि नवीन अग्रवाल ने उन्हें क्षेत्रीय टिप्पणी करते हुए धमकी दी कि यहां तुम्हारी दादागिरी नहीं चलेगी और तुझे काटकर रख दूंगा। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपी ने फोन पर डिवीजन में आग लगाने जैसी धमकी भी दी। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने उन पर भुगतान रोकने का आरोप लगाया, जबकि उनके अनुसार बिल में कई तकनीकी आपत्तियां थीं और शासन व ईएनसी कार्यालय के निर्देशों का पालन नहीं किया गया था। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और उनके साथ फिर मारपीट की गई। उन्होंने शिकायत में बताया कि पूरी घटना उनके घर में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। उन्होंने फुटेज की पेन ड्राइव और कार्यालयीन नोटशीट की प्रतियां पुलिस को सौंपी है। साथ ही उन्होंने अपने और परिवार की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है।
इन धाराओं में मामला दर्ज
मामले की शिकायत पर भानुप्रतापपुर थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296, 332(c) और 351(2) के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस घटनाक्रम ने सड़क निर्माण कार्यों, सरकारी भुगतान प्रणाली और कथित कमीशनखोरी को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि जांच केवल मारपीट तक सीमित रहती है या फिर करोड़ों रुपये के भुगतान और कथित भ्रष्टाचार के पहलुओं की भी निष्पक्ष जांच की जाती है।
देखिये वीडियो-
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

