संजय पाटीदार, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में गरबा आयोजनों के दौरान दूसरे धर्म (मुस्लिम) के युवकों के प्रवेश को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला रायसेन रोड स्थित निजी सैम कॉलेज परिसर का है, जहाँ गरबा पांडाल में कथित तौर पर तिलक लगाकर प्रवेश करने वाले दो मुस्लिम युवकों को हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने पकड़ लिया। इस घटना के बाद पंडाल में जमकर हंगामा हुआ, जिसके बाद दोनों युवकों को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पंडाल में घुसने के लिए माथे पर तिलक लगा रखा था
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सैम कॉलेज परिसर में गरबा का आयोजन चल रहा था। इसी दौरान आयोजन स्थल पर दो मुस्लिम युवक पहुंचे। आरोप है कि दोनों युवकों ने अपनी पहचान छुपाने और पंडाल में घुसने के लिए माथे पर तिलक लगा रखा था। जब इसकी भनक वहां मौजूद बजरंग दल और अन्य हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं को लगी, तो उन्होंने दोनों युवकों को घेर लिया और पकड़कर बाहर ले आए। युवकों के पकड़े जाने के बाद पंडाल परिसर में भारी हंगामा और तनाव की स्थिति बन गई।
एफआईआर दर्ज करने की मांग
हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने पुलिस के सामने कड़ा रोष व्यक्त करते हुए मांग की कि बिना अनुमति और गलत तरीके से पहचान छुपाकर पंडाल में प्रवेश करने वाले दोनों युवकों तथा इस लापरवाही के लिए आयोजकों के खिलाफ भी एफआईआर (FIR) दर्ज की जाए। फिलहाल पुलिस ने युवकों को अपनी हिरासत में ले लिया है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच-पड़ताल की जा रही है। इस घटना के बाद शहर के अन्य गरबा पंडालों में भी सुरक्षा व्यवस्था और आईडी चेकिंग को लेकर चौकसी बढ़ा दी गई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

