शब्बीर अहमद, भोपाल। पूर्व आईएएस अधिकारी (Ex-IAS Officer) नियाज खान द्वारा भारतीय मुसलमानों को मॉब लिंचिंग से बचने के लिए “हुलिया बदलने” और “तुर्की मॉडल अपनाने” की सलाह देने वाले सोशल मीडिया पोस्ट पर मध्यप्रदेश की सियासत और धार्मिक गलियारों में घमासान मच गया है। इस बयान को लेकर मुस्लिम स्कॉलर्स और कांग्रेस विधायकों ने तीखी प्रतिक्रिया दी है, जबकि भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद उनके समर्थन में उतर आए हैं।

हम अपनी पहचान कभी नहीं छिपाएंगे

नियाज खान के इस बयान पर मुस्लिम स्कॉलर तौकीर निजामी ने कड़ा ऐतराज जताते हुए उन पर तीखा हमला बोला है। तौकीर निजामी ने कहा- नियाज़ खान आप भारत के मुसलमानों को ज्ञान दे रहे हैं, क्या आपने कभी खुद इस बात पर अमल किया है? क्या आपने कभी भी अपने बच्चों को अमेरिका या इंग्लैंड की तरह पहनावा पहनने की बात कही है? हमने न कभी अपनी पहचान छिपाई है और न ही आगे कभी छिपाएंगे। इस्लाम का जो पहनावा है और जो हमारी पहचान है, उस पहनावे को हम हमेशा पहनेंगे। हम कभी भी तुर्की का पहनावा स्वीकार नहीं करेंगे।

‘मॉब लिंचिंग से बचना है तो बदलें हुलिया’ पूर्व IAS नियाज खान की भारतीय मुसलमानों को अनोखी सलाह, तुर्की मॉडल अपनाने को कहा

पहचान देखकर की जा रही है मॉब लिंचिंग

इस पूरे विवाद पर कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उन्हें ठीक से नहीं पता कि नियाज खान ने क्या कहा है, लेकिन भारत की संस्कृति ऐसी है जहाँ हर व्यक्ति अपनी पसंद के कपड़े पहनता है। इसके साथ ही उन्होंने मॉब लिंचिंग के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा- भारत में तो वैसे भी मॉब लिंचिंग एक विशेष वर्ग के साथ हो रही है। यह बात बिल्कुल सच है कि लोगों की शिनाख्त (पहचान) कर-करके उनकी मॉब लिंचिंग की जा रही है।

बीजेपी सांसद ने किया समर्थन

एक तरफ जहां नियाज खान को मुस्लिम समाज और विपक्ष के विरोध का सामना करना पड़ रहा है, वहीं दूसरी तरफ बीजेपी सांसद आलोक शर्मा उनके बचाव में सामने आए हैं। सांसद आलोक शर्मा ने नियाज खान के इस विचार की सराहना करते हुए कहा- मैं नियाज खान की बात का स्वागत करता हूँ और उनके इस बयान का पूरी तरह समर्थन करता हूं। नियाज खान के पोस्ट ने भोपाल सहित पूरे प्रदेश में एक नई बहस छेड़ दी है। जहां मुस्लिम समाज इसे अपनी धार्मिक पहचान और संस्कृति पर हमला मानकर तुर्की मॉडल को नकार रहा है, वहीं राजनीतिक दल इस मुद्दे पर आमने-सामने आ गए हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m