मौत की सूचना मिलते ही भड़के ग्रामीण, दो घंटे तक बाधित रहा कुड़ू-रांची मार्ग; प्रशासन के आश्वासन के बाद खुला जाम
लोहरदगा। लोहरदगा जेल में न्यायिक हिरासत के दौरान एक विचाराधीन बंदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद कुड़ू प्रखंड के पंडरा गांव में तनाव का माहौल बन गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने बुधवार सुबह कुड़ू-रांची मुख्य मार्ग (एनएच-39) को पंडरा चौक के पास जाम कर दिया और मामले की न्यायिक जांच के साथ दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
प्रेम प्रसंग से जुड़े मामले में था न्यायिक हिरासत में
मृतक की पहचान पंडरा गांव निवासी जाहिद पवरियां उर्फ रिंकू के रूप में हुई है। उस पर गांव की एक युवती ने प्रेम प्रसंग का झांसा देकर यौन शोषण का आरोप लगाया था, जिसके बाद कुड़ू थाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर करीब डेढ़ महीने पहले न्यायिक हिरासत में लोहरदगा जेल भेजा था। मंगलवार देर रात जेल में उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
बुधवार सुबह पुलिस ने परिजनों को मौत की सूचना दी। इसके बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। परिजनों का कहना है कि मंगलवार को वे जेल में जाहिद से मुलाकात कर लौटे थे और उस समय वह पूरी तरह स्वस्थ था। उनका आरोप है कि रातभर में उसकी मौत होना संदेह पैदा करता है और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। ग्रामीणों ने जेल के भीतर हत्या की आशंका जताते हुए न्यायिक जांच की मांग की।
प्रशासन के आश्वासन के बाद खुला जाम
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा, सीओ संतोष उरांव, पुलिस इंस्पेक्टर चंद्रशेखर आजाद, थाना प्रभारी अजीत कुमार समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। प्रशासन और ग्रामीणों के बीच कई दौर की बातचीत के बाद न्यायिक जांच कराने, जेल के सीसीटीवी फुटेज की जांच करने और दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। इसके बाद करीब 11 बजे सड़क जाम समाप्त कराया गया।
ड्रोन कैमरे को लेकर बढ़ा तनाव
प्रदर्शन के दौरान पुलिस की ओर से ड्रोन कैमरे से वीडियो रिकॉर्डिंग किए जाने पर ग्रामीण नाराज हो गए। ड्रोन देखकर प्रदर्शनकारी भड़क उठे और उसे संचालित करने वाले कर्मियों की तलाश करने लगे। स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस अधिकारियों ने तुरंत ड्रोन संचालन बंद कराया। थाना प्रभारी अजीत कुमार ने मौके पर स्थिति संभाली, जिसके बाद माहौल शांत हुआ और जाम पूरी तरह हट गया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। वहीं मृतक के गांव से बड़ी संख्या में ग्रामीण लोहरदगा पहुंचे हैं। मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।


