मनोज यादव, कोरबा। गेवरा-दीपका स्थित नेहरू शताब्दी चिकित्सालय (एनसीएच) में रविवार को संडे ड्यूटी को लेकर कर्मचारियों ने काम बंद कर विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि संडे ड्यूटी में कटौती कर दी गई है और इसके चलते असमानता की स्थिति बन रही है।


कर्मचारियों ने बताया कि संडे ड्यूटी में कटौती कर दी गई है। एनसीएच केंद्रीय अस्पताल है, जहां गेवरा, दीपका, कुसमुंडा, बांकीमोंगरा, देलवाड़ीह और कोरबा से रोज लगभग 300 ओपीडी मरीज इलाज कराने पहुंचते हैं। ऐसे में सभी कर्मचारियों को समान रूप से ड्यूटी मिलनी चाहिए। स्टाफ ने मांग की कि या तो सभी को संडे ड्यूटी दी जाए या किसी को भी न दी जाए। साथ ही कार्यालय अधीक्षक के खिलाफ जांच की मांग भी की गई है।

विरोध की सूचना पर गेवरा एरिया की कार्मिक प्रबंधक सुधा शिंदे अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने कर्मचारियों को रोस्टर के अनुसार काम करने और कर्तव्यनिष्ठा से दायित्व निभाने की समझाइश दी। शिंदे ने कहा कि अन्य एरिया में भी संडे ड्यूटी नहीं दी जा रही है। इस दौरान प्रभारी सीएमओ डॉ. अनिल कुमार, कार्यालय स्टाफ और पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद रहे।
वहीं सीएमएस डॉ. विजयलक्ष्मी धान ने स्पष्ट किया कि उच्च प्रबंधन के निर्देश पर रविवार की ओपीडी सेवा बंद करने का निर्णय लिया गया है। हालांकि इनडोर वार्ड पहले की तरह संचालित रहेंगे। इसी कारण कुछ कार्यालयीन कर्मचारियों की संडे ड्यूटी नहीं लगाई गई। उन्होंने माना कि पहले सभी कर्मचारियों को संडे ड्यूटी का लाभ मिल रहा था।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

