दिलशाद अहमद, सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के चांदनी बिहारपुर क्षेत्र में सड़क हादसे के बाद भारी बवाल हो रहा। ग्राम पंचायत कुबेरपुर में गिट्टी लोड ट्रैक्टर की टक्कर से स्कूटी सवार महिला चंद्रावती जायसवाल की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर फरार हो गया। हादसे के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। गुस्साए ग्रामीणों ने बस्ती से क्रशर को हटाने और मृतका के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान ट्रैक्टर और पाठक क्रशर में आग लगा दी। वहीं तहसीलदार, एसडीओपी और थाना प्रभारी को ग्रामीणों ने बंधक बना लिया है।
बता दें कि चंद्रावती जायसवाल स्कूटी से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान गिट्टी लोड ट्रैक्टर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना गंभीर था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन सहित फरार हो गया। हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुटे और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।


बस्ती के भीतर क्रशर संचालन को लेकर नाराजगी
हादसे के बाद ग्रामीणों ने बस्ती के अंदर संचालित क्रशर को हटाने और मृतक महिला के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग उठाई। ग्रामीणों का आरोप है कि भारी वाहनों की आवाजाही से क्षेत्र में हादसों का खतरा बना रहता है। इसी नाराजगी के चलते ग्रामीणों ने मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन करीब चार घंटे से जारी है।

ग्रामीणों ने पथराव भी किया, क्षेत्र में तनाव का माहौल
प्रदर्शन के दौरान स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रैक्टर और पाठक क्रशर में आग लगा दी। प्रदर्शनकारियों की ओर से पथराव किए जाने की भी सूचना है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है। पुलिस प्रशासन स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास कर रहा है।
ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रहे अधिकारी
स्थिति को संभालने के लिए मौके पर पहुंचे बिहारपुर तहसीलदार करमचंद जाटवर, एसडीओपी और थाना प्रभारी लक्ष्मी प्रसाद गुप्ता को ग्रामीणों ने बंधक बना लिया है। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी ग्रामीणों को समझाने तथा हालात सामान्य करने का प्रयास कर रहे हैं। फिलहाल ग्राम पंचायत कुबेरपुर में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। ग्रामीणों की मांगों और प्रदर्शन के बीच पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

