अजयारविंद नामदेव, शहडोल। जिले के सोहागपुर थाना क्षेत्र में एक मामूली सी बात ने हिंसक रूप ले लिया। पाली रोड स्थित यम्मी स्पाइसी होटल के पास तेज रफ्तार से गुजर रही एक कार से उड़ा कंकड़ सड़क किनारे मौजूद एक बच्चे को लगते-लगते बच गया। इस घटना को लेकर शुरू हुई कहासुनी कुछ ही देर में दो पक्षों के बीच बड़े विवाद में बदल गई और दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे चलने लगे। मारपीट में कई लोग घायल हो गए। हालात इतने बिगड़ गए कि देर रात पुलिस अधीक्षक और कलेक्टर को मौके पर पहुंचना पड़ा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कार चालक को आराम से गाड़ी चलाने की हिदायत

दरअसल होटल के पास से एक कार काफी तेज रफ्तार में गुजर रही थी। तभी गाड़ी के पहिए से एक कंकड़ उछलकर सड़क किनारे मौजूद एक छोटे बच्चे के पास से गुजरा, बच्चा बाल-बाल बच गया, लेकिन वहां खड़े कुछ लोगों ने इस लापरवाही पर ऐतराज जताया और कार चालक को आराम से गाड़ी चलाने की हिदायत दी। ​इसी बात को लेकर कार सवार और होटल के पास मौजूद लोगों के बीच बहस शुरू हो गई, देखते ही देखते दोनों पक्षों में गाली-गलौज होने लगी और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, मामूली कहासुनी ने कुछ ही देर में भीषण रूप ले लिया।

खूनी झड़प में दोनों पक्षों के कई लोग घायल

दोनों गुटों के लोग आमने-सामने आ गए और जमकर लाठी-डंडे चलने लगे। इस खूनी झड़प में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए, मारपीट की इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल निर्मित हो गया। सूचना मिलते ही एसपी और कलेक्टर भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थिति को संभाला और उपद्रवियों को खदेड़कर इलाके में शांति बहाल की।​पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर नामजद मामला दर्ज किया है। फिलहाल इलाके में तनाव को देखते हुए एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

दोनों तरफ से मामला दर्ज

एसपी संजय कुमार अग्रवाल ने बताया कि मामूली सी बात को लेकर गाड़ी से उछलकर पत्थर का टुकड़ा लगने को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें दो लोग घायल है, इस मामले पर दोनों तरफ से मामला दर्ज कर कार्यवाही की गई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m