UPSSSC ने अवर अधीनस्थ सेवा स्नातक स्तरीय मुख्य परीक्षा की प्रोविजनल आंसर शीट जारी कर दी है. आयोग ने स्वास्थ्य कार्यकर्ता महिला मुख्य परीक्षा-2024 का परिणाम भी घोषित किया है.
सतीश सिंह, लखनऊ. उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने सोमवार को एक दिन पूर्व संपन्न हुई अवर अधीनस्थ सेवा (स्नातक स्तरीय) मुख्य परीक्षा की प्रोविजनल आंसर शीट महज 24 घंटे के अंदर जारी कर दी है. वहीं, स्वास्थ्य कार्यकर्ता (महिला) मुख्य परीक्षा-2024 का परिणाम भी घोषित कर दिया गया है.
सरकार के मुताबिक, बीते 9 वर्षों में 9 लाख से अधिक युवाओं को योगी सरकार ने सरकारी नौकरी दी है. इसी क्रम में एक दिन पूर्व सम्मिलित अवर अधीनस्थ सेवा (स्नातक स्तरीय) मुख्य परीक्षा संपन्न हुई थी.
इस परीक्षा की प्रोविजनल आंसर शीट जारी करते हुए आयोग ने कहा है कि लिखित परीक्षा की प्रोविजनल आंसर शीट आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in पर अपलोड कर दी गई है. आंसर शीट 30 अगस्त 2026 तक वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी. आयोग की तरफ से इसका डायरेक्ट लिंक भी जारी किया है.
10,272 अभ्यर्थी अर्ह घोषित
वहीं, आयोग ने स्वास्थ्य कार्यकर्ता (महिला) मुख्य परीक्षा-2024 के परिणाम भी घोषित कर दिए हैं. इस परीक्षा में 10,272 अभ्यर्थियों को पात्रता/अभिलेख परीक्षण के लिए अर्ह घोषित किया गया है, जबकि 5,272 पदों पर भर्ती की जानी है.
आयोग के मुताबिक, मुख्य परीक्षा 11 जनवरी 2026 को आयोजित की गई थी. शासन के प्रावधानों के अनुसार संविदा आधार पर सहायक नर्स मिडवाइफ (एएनएम) के रूप में कार्य करने वाले अभ्यर्थियों को अधिकतम 15 अधिमानी अंक दिए गए हैं, जिससे अनुभवी अभ्यर्थियों को अतिरिक्त लाभ मिला है.
आयोग ने स्पष्ट किया है कि यह अंतिम चयन परिणाम नहीं है. अंतिम चयन अभिलेख परीक्षण के बाद नियमानुसार घोषित किया जाएगा.
श्रेणीवार कटऑफ जारी
आयोग के अनुसार, श्रेणीवार कटऑफ में सामान्य वर्ग का कटऑफ 61.75 फीसद, अनुसूचित जाति के लिए 56.75, अनुसूचित जनजाति के लिए 31.75, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 55.25 तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए कटऑफ 55 फीसद गई है.
अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in पर जाकर चेक कर सकते हैं.


