शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश के नगरीय निकायों के भीतर वित्तीय अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के मामलों में नगरीय विकास एवं आवास विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। विभाग के आयुक्त संकेत भोंडवे ने कई निकायों में गड़बड़ी पाए जाने पर कई भ्रष्ट अधिकारियों और इंजीनियरों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की है।
टिमरनी और कानड़ के पूर्व सीएमओ पर कार्रवाई
हरदा जिले की टिमरनी नगर पालिका के तत्कालीन सीएमओ राजाराम सोनपुर को स्वच्छता सामग्री के अनियमित खरीद मामले में दोषी पाया गया है। इस गंभीर लापरवाही के चलते विभाग ने उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए आगामी 5 साल तक उनकी पेंशन से 10% राशि रोकने के आदेश जारी किए हैं।
इसी प्रकार आगर-मालवा जिले की कानड़ नगर परिषद में पेयजल योजना के क्रियान्वयन में वित्तीय अनियमितता पाए जाने पर तत्कालीन सीएमओ पवन मिश्रा की पेंशन में 3% की स्थायी कटौती कर दी गई है।

खरगोन में प्रतिमा स्थापना में गड़बड़ी, इंजीनियरों पर गाज
नगरीय विकास विभाग ने केवल CMO ही नहीं बल्कि निर्माण कार्यों और अन्य आयोजनों में लापरवाही बरतने वाले तकनीकी अमले पर भी शिकंजा कसा है। खरगोन में प्रतिमा स्थापना के दौरान हुई अनियमितता के मामले में दो इंजीनियरों पर गाज गिरी है। विभाग ने उपयंत्री जितेंद्र सोडा और सहायक यंत्री मनीष महाजन की वेतन वृद्धि रोकने के आदेश दिए हैं।
विभाग की इस सख्त कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में वित्तीय अनुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना है, ताकि सरकारी धन के दुरुपयोग पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

