धनेश, रेवाड़ी। जिला रेवाड़ी में 10 मई को आयोजित नगर निकाय आम चुनाव और पंचायतीराज संस्थाओं के उपचुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कानून व्यवस्था के दायरे में सफलतापूर्वक संपन्न हुए। इस अवसर पर डीसी अभिषेक मीणा और एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा ने जिलावासियों, चुनाव प्रक्रिया से जुड़े कर्मचारियों और सुरक्षा बलों को बधाई दी।

एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा ने बताया कि चुनावों को शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए जिला पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए थे। करीब 1100 पुलिसकर्मी और होमगार्ड्स की ड्यूटी लगाई गई थी। इसके अलावा एक अतिरिक्त पुलिस कंपनी और 27 पेट्रोलिंग पार्टियां भी तैनात की गईं।

नगर परिषद रेवाड़ी और नगर पालिका धारूहेड़ा क्षेत्र के 47 संवेदनशील और अति संवेदनशील बूथों सहित 4 इंटरस्टेट नाकों पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया। हर क्षेत्र में डीएसपी रैंक के नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए थे। साथ ही 25 ईआरवी (डायल-112), 45 राइडर्स, दुर्गा शक्ति और क्विक रिस्पांस टीम भी सक्रिय रहीं।

नगर परिषद रेवाड़ी के 99 बूथ, नगर पालिका धारूहेड़ा के 27 बूथ और पंचायतीराज उपचुनाव के 7 बूथों पर मतदाताओं ने निर्भय होकर मतदान किया। डीसी अभिषेक मीणा और एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा ने स्वयं विभिन्न बूथों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

एसपी ने कहा कि जिले में कहीं भी कोई हिंसक घटना सामने नहीं आई और चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुए। उन्होंने कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग के लिए जिले की जनता और सुरक्षा बलों का आभार जताया।