उर्मिला सनावर की गिरफ्तारी के एक दिन बाद पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी दीपिका राठौर ने उन पर ब्लैकमेलिंग, पांच करोड़ रुपये मांगने और धमकी देने के आरोप लगाए. दीपिका ने दावा किया कि करीब डेढ़ साल पहले मानसिक तनाव के कारण उनके मन में आत्महत्या का विचार आया था.
हरिद्वार. उर्मिला सनावर की गिरफ्तारी के एक दिन बाद सोमवार को पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी दीपिका राठौर ने मीडिया के सामने आकर उन पर गंभीर आरोप लगाए. ज्वालापुर स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत में दीपिका ने दावा किया कि उर्मिला उनके परिवार को ब्लैकमेल कर रही थीं और रविदास धाम अपने नाम कराने के लिए दबाव बना रही थीं.
पांच करोड़ मांगने का आरोप
दीपिका राठौर के मुताबिक, 24 अक्टूबर को फोन कर उनसे पांच करोड़ रुपये मांगे गए थे. उन्होंने आरोप लगाया कि मांग पूरी नहीं करने पर उन्हें और उनके परिवार को जान से मरवाने की धमकी भी दी गई.
दीपिका ने कहा कि उनके परिवार को लंबे समय से मानसिक उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा था. उन्होंने परिवार की छवि खराब करने की कोशिश किए जाने का आरोप भी लगाया.
फोटो और वीडियो वायरल करने का दावा
दीपिका ने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले उनकी तस्वीरों और वीडियो को एडिट करके वायरल किया गया था. उनके अनुसार, इस घटना से उनकी सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश हुई और वह गहरे मानसिक तनाव में चली गई थीं.
उन्होंने कहा कि उस समय हालात इतने मुश्किल हो गए थे कि उनके मन में आत्महत्या करने का विचार भी आया था. हालांकि, उन्होंने ऐसा कोई कदम नहीं उठाया.
गिरफ्तारी के बाद न्याय की उम्मीद
दीपिका ने पुलिस की कार्रवाई पर संतोष जताते हुए कहा कि उन्हें पुलिस पर भरोसा था. उर्मिला सनावर की गिरफ्तारी के बाद उन्हें उम्मीद है कि मामले में आगे उचित कार्रवाई होगी और उनके परिवार को राहत मिलेगी.
उल्लेखनीय है कि उर्मिला सनावर को रविवार को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था. इसके अगले दिन दीपिका ने सार्वजनिक रूप से अपनी बात रखते हुए पुलिस का आभार जताया.

