अमेरिका और कनाडा के बीच ट्रेड वॉर लगातार गहराता जा रहा है। इसी बीच अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कनाडा की तुलना एक छोटे कुत्ते से कर नया विवाद खड़ा कर दिया है। फॉक्स न्यूज को दिए इंटरव्यू में बेसेंट ने कहा कि कनाडा की स्थिति उन्हें एक ऐसे छोटे कुत्ते की याद दिलाती है, जो बड़े कुत्ते पर लगातार भौंकता रहता है।

‘जर्मन शेफर्ड को छोटा कुत्ता लगातार भौंकता था’

बेसेंट ने कहा कि उनके पास एक जर्मन शेफर्ड था। पार्क में एक छोटा कुत्ता लगातार उस पर भौंकता रहता था। उनका कहना था कि जर्मन शेफर्ड काफी समय तक उसे नजरअंदाज करता रहा, लेकिन एक दिन उसका भी सब्र खत्म हो गया।

बेसेंट ने कनाडाई प्रधानमंत्री मार्क कार्नी पर अमेरिका के साथ बेहतर ट्रेड डील ठुकराने का आरोप भी लगाया। दोनों देशों के बीच 19 से 21 अगस्त तक तीन दिन चली बातचीत के बावजूद समझौता नहीं हो सका।

ट्रेड डील क्यों नहीं हो पाई?

अमेरिका और कनाडा के बीच ऑटोमोबाइल, डेयरी, शराब और सॉफ्टवुड लंबर जैसे मुद्दों पर लंबे समय से मतभेद हैं। अमेरिका कनाडा के बाजार को अमेरिकी कारों और डेयरी उत्पादों के लिए ज्यादा खोलने की मांग करता रहा है।

वहीं, कनाडा अमेरिका से स्टील, एल्युमिनियम, कारों और लकड़ी पर लगाए गए टैरिफ में राहत चाहता है। दोनों पक्ष कई मुद्दों पर सहमत नहीं हो सके।

ट्रंप के 50% टैरिफ का कनाडा ने दिया जवाब

ट्रेड डील विफल होने के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 22 अगस्त से कनाडा के करीब 20 अरब डॉलर के सामान पर 50% टैरिफ लागू कर दिया। कनाडा ने भी इसके जवाब में डॉलर-फॉर-डॉलर जवाबी टैरिफ लगाने की घोषणा की।

51वां राज्य और फेंटानिल भी विवाद की वजह

ट्रेड विवाद के अलावा ट्रंप का कनाडा को अमेरिका का 51वां राज्य बनाने वाला बयान, पूर्व प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो को ‘गवर्नर’ कहना और सीमा सुरक्षा व फेंटानिल तस्करी जैसे मुद्दे भी दोनों देशों के रिश्तों में तनाव बढ़ा रहे हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m