अमेरिकी शेयर बाजार में गुरुवार को भारी बिकवाली देखने को मिली। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर संभावित सख्त नियमों की आशंका ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी, जिससे वॉल स्ट्रीट में जोरदार गिरावट दर्ज की गई। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी बाजार के लिए यह पिछले 19 महीनों की सबसे बड़ी दैनिक गिरावट रही। इस बिकवाली में निवेशकों की करीब 2.9 ट्रिलियन डॉलर (लगभग 270 लाख करोड़ रुपये) की संपत्ति साफ हो गई। टेक्नोलॉजी और सेमीकंडक्टर कंपनियों के शेयरों पर सबसे ज्यादा दबाव देखने को मिला।

S&P 500, Nasdaq और Dow Jones में बड़ी गिरावट

गुरुवार के कारोबारी सत्र में S&P 500 इंडेक्स 3.77 फीसदी टूटकर करीब 290 अंक नीचे आ गया। वहीं, Dow Jones में 3 फीसदी यानी 1,600 अंकों से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। टेक्नोलॉजी शेयरों वाला Nasdaq Composite 5.52 फीसदी गिरकर 24,315 अंक पर बंद हुआ। Nasdaq अपने 6 अक्टूबर के रिकॉर्ड हाई क्लोजिंग स्तर से 10 फीसदी से ज्यादा नीचे आ गया, जिससे बाजार में टेक्निकल करेक्शन की स्थिति बन गई।

Nvidia और Micron के शेयरों में भारी बिकवाली

AI सेक्टर से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट देखने को मिली। Nvidia के शेयर करीब 9 फीसदी तक टूट गए, जबकि Micron Technology में 17 फीसदी की भारी गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा Meta के शेयर 4 फीसदी और Amazon तथा Alphabet के शेयर करीब 2.2 फीसदी गिर गए।

अमेरिकी बाजार में गिरावट की क्या है वजह?

अमेरिकी मिडटर्म चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी की जीत के बाद निवेशकों को आशंका है कि AI डेटा सेंटर और इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार पर सख्त नियमन लागू हो सकते हैं। इससे AI कंपनियों की भविष्य की कमाई और अरबों डॉलर के निवेश पर अनिश्चितता बढ़ गई है।

क्या आज भारतीय शेयर बाजार में भी आएगी गिरावट?

अमेरिकी बाजार में भारी गिरावट का असर भारतीय शेयर बाजार पर भी पड़ सकता है। Gift Nifty करीब 127 अंकों की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा था, जो घरेलू बाजार की कमजोर शुरुआत का संकेत दे रहा था।

हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि भारतीय बाजार में AI सेक्टर का सीधा एक्सपोजर अमेरिकी बाजार की तुलना में कम होने के कारण यहां गिरावट का असर अपेक्षाकृत सीमित रह सकता है। लगातार छह कारोबारी सत्रों की तेजी के बाद अब निवेशकों की नजर Sensex और Nifty की चाल पर रहेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m