अमेरिका और ईरान के बीच पाकिस्तान में आज शांति वार्ता होने जा रही है, जिसमें दोनों पक्ष अपने-अपने मुद्दे उठाएंगे। उपराष्ट्रपति जेडी वेंस इसका नेतृत्व कर रहे हैं। अमेरिकी की ओर से वेंस बातचीत के लिए पाकिस्तान पहुंच चुके हैं। उन्हें रिसीव करने आर्मी चीफ आसिम मुनीर एयरपोर्ट पहुंचे। अमेरिका-ईरान के बीच आज सुबह 8 बजे बातचीत शुरू होने वाली थी लेकिन अब यह दोपहर बाद शुरू होगी। अमेरिका के साथ शांति पर बातचीत के लिए ईरान का डेलिगेशन शुक्रवार देर रात पाकिस्तान पहुंचा। इसकी अगुआई ईरान की संसद के स्पीकर मोहम्मद बाघेर गालिबाफ कर रहे हैं। दोनों पक्षों के बीच युद्धविराम की उम्मीद के साथ दुनिया भर की नजरें इस वार्ता पर टिकी हैं। हालांकि, अमेरिका-ईरान शांति वार्ता के बीच पाकिस्तान ने भारतीय और इजरायली पत्रकारों की एंट्री पर रोक लगा दी है।
बातचीत से पहले ट्रंप की धमकी
वार्ता से कुछ घंटे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान को धमकी दी है। ट्रंप ने दावा किया है कि ‘ईरान के पास कोई ऑप्शन नहीं है और वो सिर्फ बातचीत के लिए जिंदा है।’ उन्होंने होर्मुज खोलने को लेकर भी बड़ा बयान दिया। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक पोस्ट शेयर किया है. इसमें उन्होंने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर कहा कि ईरान अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों पर कंट्रोल करके दुनिया को जबरन वसूली का शिकार बना रहा है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने अपने पोस्ट में लिखा, ‘ईरानियों को शायद ये अहसास नहीं है कि अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों का इस्तेमाल करके दुनिया को डराने के अलावा उनके पास कोई कार्ड नहीं है। वो आज अगर जिंदा हैं, तो सिर्फ बातचीत करने के लिए।’
प्लेन में बच्चों की तस्वीरें रखकर पाकिस्तान पहुंचे गालिबाफ
गालिबाफ ने इस्लामाबाद पहुंचने के बाद एक्स पर एक फोटो शेयर की। इसमें विमान की सीटों पर चार बच्चों की तस्वीरें रखी हैं, जिनके साथ उनके खून से सने स्कूल बैग और जूते रखे हैं और फूल भी रखा है। ईरानी शहर मिनाब में जंग के पहले ही दिन 28 फरवरी को एक प्राइमरी स्कूल पर हमला हुआ था, जिसमें 168 लोगों की मौत हुई थी। इनमें बच्चे और स्कूल का स्टाफ भी शामिल था। इस हमले का आरोप अमेरिका और इजराइल पर लगाया गया था। अमेरिका ने कहा कि वे इस हमले की जांच कर रहे हैं।
पाकिस्तान में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने ईरान और अमेरिका के उच्च स्तरीय अधिकारियों के बीच लगभग छह सप्ताह से चल रहे युद्ध को समाप्त करने के लिए होने वाली वार्ता से पहले सड़कों को सील कर दिया था। पाकिस्तानी अधिकारियों ने इस्लामाबाद के निवासियों से घर के अंदर रहने का आग्रह किया, जिसके चलते शहर में कर्फ्यू जैसा माहौल बन गया। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वैंस अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं, जिसके दोपहर से पहले पहुंचने की उम्मीद थी।
भारतीय और इजरायली पत्रकारों को पाकिस्तान में प्रवेश नहीं
अमेरिका-ईरान शांति वार्ता के बीच पाकिस्तान ने भारतीय और इजरायली पत्रकारों की एंट्री पर रोक लगा दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तानी अधिकारियों ने सुरक्षा और संवेदनशील हालात का हवाला देते हुए इन देशों के पत्रकारों को देश में प्रवेश की अनुमति नहीं दी।
पाकिस्तानी विदेश मंत्री बोले- बातचीत में मदद करते रहेंगे
पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने कहा है कि उन्हें उम्मीद है कि अमेरिका और ईरान पीस डील में सकारात्मक और अच्छे तरीके से बातचीत करेंगे।इशाक डार ने दोहराया कि पाकिस्तान चाहता है कि वह दोनों पक्षों को आगे भी बातचीत में मदद करता रहे, ताकि संघर्ष का ‘स्थायी समाधान’ निकल सके।
कुछ देर में ईरानी डेलिगेशन से मुलाकात करेंगे पाकिस्तानी पीएम
ईरान की ISNA न्यूज एजेंसी के मुताबिक, ईरानी डेलिगेशन इस्लामाबाद में प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात करेगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक शहबाज शरीफ और उनकी सरकार इन ईरान-अमेरिका सीजफायर बातचीत में मध्यस्थ की भूमिका निभा रहे हैं और बातचीत को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका अदा कर रहे हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

