Lifestyle Desk – गर्मी के मौसम में त्वचा से जुड़ी समस्याएं तेजी से बढ़ने लगती हैं. तेज धूप, बढ़ता तापमान, पसीना और धूल-मिट्टी के कारण स्किन जल्दी ही डल, चिपचिपी और थकी हुई नजर आने लगती है. ऐसे में स्किन को फ्रेश और ग्लोइंग बनाए रखना एक चुनौती बन जाता है. हालांकि, अगर आप महंगे ब्यूटी प्रोडक्ट्स की बजाय घरेलू उपायों पर भरोसा करते हैं, तो गुलाब से बना फेस मिस्ट आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है.

गुलाब फेस मिस्ट न सिर्फ आपकी त्वचा को तुरंत ठंडक पहुंचाता है, बल्कि उसे हाइड्रेट रखने में भी मदद करता है. खास बात यह है कि इसे घर पर बेहद आसानी से तैयार किया जा सकता है और यह हर स्किन टाइप के लिए फायदेमंद होता है. आइए जानते हैं इसे घर पर बनाने का तरीका और फायदे.

कैसे बनाएं गुलाब फेस मिस्ट
घर पर गुलाब फेस मिस्ट बनाने के लिए आपको ताजे गुलाब की पंखुड़ियों की जरूरत होगी. सबसे पहले गुलाब की पंखुड़ियों को अच्छी तरह धो लें ताकि उनमें मौजूद धूल या गंदगी साफ हो जाए. इसके बाद एक पैन में पंखुड़ियां डालकर उसमें इतना पानी डालें कि पंखुड़ियां पूरी तरह डूब जाएं. अब इसे धीमी आंच पर तब तक उबालें जब तक पंखुड़ियों का रंग हल्का न पड़ जाए और पानी में गुलाब का रंग और खुशबू न आ जाए. जब यह मिश्रण ठंडा हो जाए, तो इसे छानकर एक स्प्रे बोतल में भर लें. आपका होममेड गुलाब फेस मिस्ट तैयार है.

इस्तेमाल का तरीका
दिनभर में जब भी आपको लगे कि आपकी स्किन थकी हुई या रूखी हो रही है, तब आप इस फेस मिस्ट को अपने चेहरे पर स्प्रे कर सकते हैं. इसे मेकअप से पहले या बाद में भी इस्तेमाल किया जा सकता है. यह मेकअप को सेट करने और चेहरे को फ्रेश लुक देने में मदद करता है.

गुलाब फेस मिस्ट के फायदे

स्किन की जलन, रेडनेस करे दूर

गुलाब में प्राकृतिक कूलिंग गुण होते हैं, जो त्वचा को ठंडक पहुंचाते हैं. यह स्किन की जलन और रेडनेस को कम करने में सहायक है. इसके अलावा, यह एक अच्छा नैचुरल टोनर भी है, जो स्किन के पोर्स को टाइट करता है और त्वचा को स्मूद बनाता है.

हाइड्रेट करे

गुलाब फेस मिस्ट त्वचा को हाइड्रेट रखता है, जिससे स्किन ड्राई और बेजान नहीं दिखती. साथ ही इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स त्वचा को फ्री रेडिकल्स से बचाने में मदद करते हैं, जिससे स्किन हेल्दी और ग्लोइंग बनी रहती है.

किन बातों का रखें ध्यान

  1. फेस मिस्ट बनाते समय हमेशा ताजे और केमिकल-फ्री गुलाब का ही इस्तेमाल करें. तैयार मिस्ट को फ्रिज में रखें और 7-10 दिनों के भीतर उपयोग कर लें.
  2. गर्मी के मौसम में अगर आप अपनी त्वचा को प्राकृतिक तरीके से तरोताजा और चमकदार बनाए रखना चाहते हैं, तो गुलाब फेस मिस्ट को अपनी स्किन केयर रूटीन में जरूर शामिल करें.
  3. यह आसान, किफायती और असरदार उपाय है, जो आपकी त्वचा को पूरे दिन फ्रेश बनाए रखेगा.