देहरादून में रविवार को कांग्रेस ने कैंट और धर्मपुर विधानसभा क्षेत्रों में वोट बचाओ–देश बचाओ, उत्तराखंड न्याय यात्रा निकाली. प्रीतम सिंह के नेतृत्व में निकली यात्रा के दौरान महिला सुरक्षा, रोजगार, पेपर लीक, भ्रष्टाचार और महंगाई जैसे मुद्दे उठाए गए.

देहरादून. रविवार को कांग्रेस ने बेरोजगारी, भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक, महिला सुरक्षा, भ्रष्टाचार और महंगाई समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर न्याय यात्रा निकाली. कांग्रेस चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह के नेतृत्व में कैंट और धर्मपुर विधानसभा क्षेत्रों में ‘वोट बचाओ–देश बचाओ, उत्तराखंड न्याय यात्रा’ आयोजित की गई.

कैंट और धर्मपुर में यात्रा

कैंट विधानसभा क्षेत्र में यात्रा की शुरुआत बिंदाल पुल से हुई और इसका समापन चौधरी फार्म हाउस में किया गया. वहीं, धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में यात्रा करगी चौक से शुरू होकर वृंदा गार्डन वेडिंग पॉइंट पर संपन्न हुई.

यात्रा के दौरान महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने, भ्रष्टाचार पर रोक लगाने और महंगाई से राहत देने की मांग उठाई गई. कांग्रेस ने किसानों, मजदूरों और आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा का मुद्दा भी उठाया.

जनता के अधिकारों की लड़ाई: प्रीतम सिंह

प्रीतम सिंह ने कहा कि उत्तराखंड न्याय यात्रा को केवल राजनीतिक आयोजन के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि यह प्रदेश के लोगों के अधिकार, सम्मान और न्याय से जुड़ा अभियान है. उन्होंने कहा कि युवा रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं और भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं ने उनके भविष्य को लेकर चिंता बढ़ाई है.

उन्होंने महिला सुरक्षा, महंगाई और भ्रष्टाचार को भी आम लोगों की प्रमुख समस्याएं बताया. प्रीतम सिंह के मुताबिक, कांग्रेस जनता की आवाज सरकार तक पहुंचाने और उसे अपनी जिम्मेदारियों का एहसास कराने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि पार्टी प्रदेश की अस्मिता, युवाओं के भविष्य, महिलाओं के सम्मान और जनता के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर समझौता नहीं करेगी.

संघर्ष तेज करने की बात

उत्तराखंड कांग्रेस के सह-प्रभारी सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि न्याय यात्रा के जरिए पार्टी लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुन रही है और उनके अधिकारों के लिए आवाज उठा रही है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता एकजुट होकर जनहित के मुद्दों पर अपना संघर्ष और तेज करेंगे.

कांग्रेस महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने यात्रा को जनसमस्याओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाला अभियान बताया. उन्होंने कहा कि दोनों विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ भाग लिया और जनता के हक, सम्मान व न्याय से जुड़े मुद्दों को उठाया. उनके मुताबिक, न्याय, विकास और जनहित के संकल्प के साथ कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा.

ये नेता रहे मौजूद

न्याय यात्रा के दौरान महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला, जिला प्रभारी विजय घनसोला, प्रदेश उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा, प्रदेश कांग्रेस मीडिया अध्यक्ष राजीव महर्षि, पूर्व विधायक जोत सिंह घनसोला, वैभव वालिया, संजय शर्मा, संग्राम सिंह, रितेश छेत्री और जगदीश धीमन मौजूद रहे.