मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने शनिवार को मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के बाद मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की. बैठक में अंतिम मतदाता सूची प्रति राजनीतिक दलों से साझा की गई. मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी से अवगत कराया तथा उनके सहयोग एवं सहभागिता के लिए उनका आभार व्यक्त किया.

बता दें कि प्रदेश में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान शुरु होने के दिन दिनांक 8 जून 2026 को प्रदेश में 7960762 मतदाता शामिल थे. गणना फार्म वितरण एवं संकलन के बाद प्रदेश में 14 जुलाई 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया जिसमें 7133785 मतदाता मतदाता सूची में शामिल हुए.

इसे भी पढ़ें : उत्तराखंड में फाइनल वोटर लिस्ट जारी, 71.58 लाख मतदाता शामिल, 1.29 लाख नए नाम जुड़े

आयोग द्वारा निर्धारित तिथि के अनुसार 14 जुलाई 2026 से 13 अगस्त 2026 तक मतदाताओं को दावे एवं आपत्ति दर्ज कराने का समय दिया गया. इसी क्रम में 13 अगस्त 2026 से 28 सितंबर 2026 तक प्रदेश में दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण किया गया. दावे आपत्तियों के निस्तारण के बाद आज मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया गया जिसमें 7158949 मतदाता सूची में शामिल हैं. वर्तमान में प्रदेश में कुल मतदेय स्थलों की संख्या 12543 है.

अंतिम मतदाता सूची में शामिल 7158949 मतदाताओं में (3421036 महिला, 3737701 पुरुष, 212 थर्ड जेंडर मतदाता) शामिल हैं. इसके साथ ही प्रदेश में 18-19 आयुवर्ग में 72656 मतदाता, एवं 80 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के 122892 मतदाता शामिल हैं. प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दावे आपत्तियों के निस्तारण के बाद मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन में कुल 129872 नए मतदाता शामिल किए गए हैं जबकि 104708 मतदाताओं को नियमानुसार सूची से विलोपित किया गया है.