उत्तराखण्ड शासन द्वारा उत्तराखण्ड वित्त सेवा संवर्ग के 6 अधिकारियों को चयन वेतनमान (लेवल-13) में पदोन्नति प्रदान करने की स्वीकृति दी गई है. यह पदोन्नति विभागीय चयन समिति की संस्तुति के क्रम में अधिकारियों द्वारा कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होगी. पदोन्नति प्राप्त करने वाले अधिकारियों में डॉ. पंकज कुमार शुक्ल, पूजा नेगी, नीतू भण्डारी, शशि सिंह, आनन्द सिंह एवं वीरेन्द्र रावत शामिल हैं.

बता दें कि शुक्रवार को मुख्यमंत्री द्वारा कई अन्य कार्यों को भी स्वीकृति दी गई है. जिसमें जनपद पौड़ी गढ़वाल के विधानसभा क्षेत्र लैंसडौन के अन्तर्गत विकासखण्ड रिखणीखाल में PWD अतिथि गृह के समीप हेलीपैड का निर्माण किए जाने के लिए 13.50 लाख तथा जनपद चम्पावत के विधानसभा क्षेत्र लोहाघाट के ग्राम पंचायत मूलाकोट के डचूडा बाजार में राजकीय इंटर कॉलेज मूलाकोट तक दीवार सहित इंटरलॉकिंग टाइल्स एक हजार मीटर का निर्माण किए जाने के लिए 46.46 लाख की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है.

इसे भी पढ़ें : उत्तराखंड में कूड़ा फैलाने वालों पर कसेगा शिकंजा, पर्यटन स्थलों पर भी लागू होंगे नियम, सीएस ने दिया निर्देश

मुख्यमंत्री द्वारा जनपद टिहरी गढ़वाल के विकासखण्ड कीर्तिनगर के अन्तर्गत जखेड़ से सुमाड़ी कपरोली तक मोटर मार्ग का नवनिर्माण किए जाने के लिए 2.4 करोड़, जनपद पिथौरागढ़ में गणाई बनकोट मोटर मार्ग से भट्टीगांव तारसिमोली मोटर मार्ग का विस्तार, सुधारीकरण व डामरीकरण किए जाने के लिए 4.9 करोड़ और जनपद देहरादून के विकासखण्ड कालसी में उद्पाल्टा-उपरौली मोटर मार्ग के अनुरक्षण का कार्य किए जाने के लिए 1.91 करोड़ की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है.