देहरादून. उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है. प्रदेश के सभी जिलों में तेज बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग ने आज देहरादून, टिहरी, हरिद्वार और पौड़ी में रेड अलर्ट, जबकि उत्तरकाशी, चमोली, नैनीताल और रुद्रप्रयाग में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. बागेश्वर, अल्मोड़ा, चंपावत, ऊधम सिंह नगर और पिथौरागढ़ में यलो अलर्ट है. खराब मौसम के चलते 26 और 27 सितंबर को चारधाम यात्रा रोक दी गई है.
चारधाम यात्रा रोकी, केदारनाथ हेली सेवा बंद
भारी बारिश और बर्फबारी के चलते केदारनाथ में हेली सेवाएं भी बंद हैं. केदारनाथ, बद्रीनाथ और हेमकुंड साहिब समेत ऊंचाई वाले क्षेत्रों में शनिवार को बर्फबारी हुई. यमुनोत्री धाम के आसपास के ऊंचाई वाले इलाकों में भी हिमपात हुआ है. बारिश और बर्फबारी से चारधाम क्षेत्रों में तापमान गिरने के साथ ठंड बढ़ गई है.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लोगों से खराब मौसम में यात्रा से बचने की अपील की है. आपदा प्रबंधन विभाग को अलर्ट मोड पर रखा गया है और राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है.
पहाड़ों पर बर्फबारी, व्यास घाटी में 2 फीट से ज्यादा हिमपात
उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले इलाकों में दो दिन से बर्फबारी जारी है. पिथौरागढ़ की व्यास घाटी के नाभीढांग में दो फीट से ज्यादा बर्फ गिर चुकी है. मुनस्यारी के मल्ला जोहार और धारचूला के ऊंचे इलाकों में भी सीजन की पहली बर्फबारी हुई है.
पिथौरागढ़-घाट सड़क पर बोल्डर गिरने से 300 से ज्यादा वाहन फंस गए. खराब मौसम के कारण 27 सितंबर को आदि कैलाश यात्रा के लिए परमिट जारी नहीं किए जाएंगे. आदि कैलाश गए यात्रियों को गुंजी में ही रुकने की सलाह दी गई है.
बागेश्वर-पिथौरागढ़ में मलबे से सड़कें प्रभावित
लगातार बारिश के कारण बागेश्वर के गरुड़-बागेश्वर मोटर मार्ग पर रवाईखाल के पास मलबा गिर रहा है. इससे सड़क पर आवाजाही प्रभावित हुई है. वहीं पिथौरागढ़ की लाइफलाइन मानी जाने वाली पिथौरागढ़-घाट सड़क भी मलबा आने के कारण नहीं खुल सकी है. सड़क खोलने के प्रयास लगातार जारी हैं.
28 को भी बारिश, 29 से सुधार के संकेत
आपदा प्रबंधन विभाग ने नदी-नालों और गदेरों के आसपास अनावश्यक आवाजाही रोकने के निर्देश दिए हैं. स्थानीय लोगों और यात्रियों को मौसम की जानकारी देने तथा जरूरत पड़ने पर राहत-बचाव टीमों को तत्काल रवाना करने को कहा गया है. पुलिस, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य, पीडब्ल्यूडी, बिजली और पेयजल विभाग को समन्वय से काम करने के निर्देश हैं.
27 सितंबर को भी देहरादून, टिहरी, हरिद्वार और पौड़ी में रेड अलर्ट रहेगा. 28 सितंबर को कई स्थानों पर भारी बारिश और गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ सकती हैं. 29 सितंबर से मौसम में सुधार के संकेत हैं.


