उत्तराखंड राज्य निर्वाचन आयोग ने किच्छा और सिरौलीकलां नगर पालिका परिषद के अध्यक्षों और सदस्यों के चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी है. मतदान 22 सितंबर और मतगणना 24 सितंबर को होगी.

देहरादून. उत्तराखंड राज्य निर्वाचन आयोग ने उधम सिंह नगर जिले की नगर पालिका परिषद किच्छा और नगर पालिका परिषद सिरौलीकलां के अध्यक्षों एवं सदस्यों के निर्वाचन के लिए सोमवार, 7 सितंबर 2026 को अधिसूचना जारी कर दी. दोनों नगर पालिकाओं में 22 सितंबर को मतदान होगा, जबकि 24 सितंबर को मतगणना की जाएगी.

राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारी 8 सितंबर 2026 को अपने स्तर से निर्वाचन क्षेत्रों का आरक्षण समेत सामान्य निर्वाचन से जुड़ा पूरा विवरण जारी करेंगे.

संवैधानिक प्रावधानों के तहत चुनाव

अधिसूचना भारत के संविधान के अनुच्छेद 243 और उत्तर प्रदेश नगर पालिका अधिनियम, 1916 के उत्तराखंड में यथासंशोधित एवं प्रवृत्त प्रावधानों के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जारी की गई है. किच्छा और सिरौलीकलां नगर पालिका परिषद के अध्यक्षों और सदस्यों का चुनाव राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से नगर स्थानीय निकाय निर्वाचन के लिए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कराया जाएगा.

नाम निर्देशन पत्रों की बिक्री 8 सितंबर 2026 से शुरू होगी. नामांकन पत्र प्राप्त करने, उनकी जांच, नाम वापसी और निर्वाचन प्रतीक आवंटन की प्रक्रिया संबंधित निर्वाचन अधिकारियों और सहायक निर्वाचन अधिकारियों की ओर से जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा निर्धारित स्थान पर कराई जाएगी.

मतगणना भी संबंधित निर्वाचन अधिकारियों और सहायक निर्वाचन अधिकारियों की ओर से जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा तय स्थान पर कराई जाएगी. चुनाव कार्यक्रम के दौरान पड़ने वाले सभी सार्वजनिक अवकाश के दिनों में भी संबंधित कार्यालय खुले रहेंगे.

ये रहेगा चुनाव कार्यक्रम

10 और 11 सितंबर को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक नामांकन पत्र जमा किए जाएंगे.

12 सितंबर को सुबह 10 बजे से कार्य समाप्ति तक नामांकन पत्रों की जांच होगी.

13 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक नाम वापसी की प्रक्रिया होगी.

14 सितंबर को सुबह 10 बजे से कार्य समाप्ति तक चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे.

22 सितंबर को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा.

24 सितंबर को सुबह 8 बजे से कार्य समाप्ति तक मतगणना की जाएगी.