उत्तराखण्ड में मानसून की कठिन चुनौतियों के बावजूद चारधाम यात्रा निर्बाध जारी है. इस यात्राकाल के 125 दिनों में ही दर्शनार्थियों की संख्या 48 लाख के पार पहुंच चुकी है. यह आंकड़ा पिछले वर्ष की तुलना में 05 लाख 22 हजार अधिक है. यमुनोत्री धाम की यात्रा ने नया रिकॉर्ड बनाया है. यहां पहली बार श्रद्धालुओं की संख्या 06 लाख 68 हजार से अधिक पहुंच गई है. इससे पूर्व वर्ष 2025 में 06 लाख 44 हजार 637 श्रद्धालु मां यमुना के दर्शन को पहुंचे थे.
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी का कहना है कि चारधाम यात्रियों की सुरक्षा प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. इसके लिए चारों धामों और यात्रा पड़ावों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं. यात्रा बिना किसी बाधा के संचालित हो रही है, लेकिन मौसम खराब होने पर यात्रा को नियंत्रित भी किया जा रहा है. यात्रा से जुड़े सभी जनपदों के डीएम भी व्यवस्थाओं पर पूरी नजर बनाए हुए हैं.
इसे भाी पढ़ें : केदारनाथ-हेमकुंड रोपवे से सुगम होगी तीर्थयात्रा, धार्मिक स्थलों के विकास पर जोर: धामी
सीएम धामी के कुशल यात्रा प्रबंधन के चलते चारधाम यात्रा हर वर्ष नए रिकॉर्ड कायम कर रही है. मानसून सीजन को देखते हुए यात्रा को बेहद सतर्कता और निगरानी के साथ संचालित किया जा रहा है. यात्रा से जुड़े रुद्रप्रयाग, चमोली, और उत्तरकाशी जनपद में आपदा प्रबंधन विभाग को चौबीसों घंटे अलर्ट मोड में रखा गया है. मुख्यमंत्री के निर्देश पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं. मौसम के मिजाज को देखते हुए प्रशासन ने तीर्थयात्रियों के लिए विशेष एडवाइजरी भी जारी की है, लेकिन आस्था मौसम पर भी भारी पड़ रही है.
इस वर्ष 19 अप्रैल को गंगोत्री एवं यमुनोत्री धाम के कपाटोद्घाटन के साथ चारधाम यात्रा का आगाज हुआ था. शुक्रवार 21 अगस्त तक इस यात्राकाल के 125 दिनों में कुल 48 लाख 04 हजार 897 श्रद्धालु चारधाम दर्शन कर चुके हैं, जबकि बीते वर्ष 2025 में इसी अवधि में 42 लाख 82 हजार 263 यात्री चारधाम दर्शन को पहुंचे थे. इस प्रकार पिछले वर्ष की तुलना में 05 लाख 22 हजार 634 यात्री अधिक पहुंचे हैं.
इसे भी पढ़ें : महिला उद्यमिता को नई उड़ान, सीएम धामी ने किया ‘उद्यमशाला चौपाल-2026’ का शुभारंभ
चारों धामों में अब तक की कुल संख्या पर नजर दौड़ाएं तो बद्रीनाथ में 16 लाख 54 हजार 263, केदारनाथ में 14 लाख 65 हजार 370, गंगोत्री में 07 लाख 47 हजार 671 और यमुनोत्री धाम में 06 लाख 68 हजार 163 यात्री दर्शन कर चुके हैं. जबकि हेमकुंट साहिब में 02 लाख 69 हजार 430 श्रद्धालु शीश नवा चुके हैं. भगवान बद्री विशाल के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है. बदरीनाथ में पिछले वर्ष के मुकाबले 03 लाख 62 हजार 304 यात्री अधिक पहुंचे हैं.

