कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़: उत्तराखंड में राष्ट्रीय स्तर की ताइक्वांडो खिलाड़ी की ओर से अंतरराष्ट्रीय चयन के लिए डेढ़ लाख रुपये मांगे जाने के आरोप ने सियासी तूल पकड़ लिया है। खिलाड़ी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सामने अपनी बात रखते हुए दावा किया कि नेशनल प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतने के बाद उसका इंटरनेशनल स्तर के लिए चयन हुआ था, लेकिन उससे डेढ़ लाख रुपये मांगे गए। पैसे नहीं देने के कारण वह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले सकी।
मुख्यमंत्री के सामने अपनी पीड़ा बताते हुए खिलाड़ी भावुक हो गई और उसकी आंखों से आंसू निकल आए। इसी घटनाक्रम को लेकर अब हरियाणा कांग्रेस ने भाजपा की पुष्कर सिंह धामी सरकार पर तीखा हमला बोला है।
अच्छा बैठ जाओ… कोई बात नहीं’ पर कांग्रेस का सवाल
हरियाणा कांग्रेस नेता कुमारी शैलजा ने मुख्यमंत्री की कथित प्रतिक्रिया को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि एक बेटी अपनी मेहनत, सम्मान और देश के लिए खेलने का सपना लेकर मुख्यमंत्री के सामने पहुंची थी। उसके द्वारा लगाए गए आरोपों को गंभीरता से सुनने के बजाय उसे कथित तौर पर कहा गया- ‘अच्छा, बैठ जाओ… कोई बात नहीं।’
शैलजा ने कहा कि मुख्यमंत्री जी, यह ‘कोई बात नहीं’ का मामला नहीं है। यह उस बेटी की मेहनत, उसके सम्मान और देश के लिए खेलने के सपने का सवाल है।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह का रवैया भाजपा सरकार की महिलाओं और बेटियों के प्रति कथित असंवेदनशीलता को दर्शाता है।
खिलाड़ी ने बताई पूरी आपबीती
खिलाड़ी ने मुख्यमंत्री धामी के सामने अपनी बात रखते हुए बताया कि उसे राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक मिला था। इसके बाद उसका अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ। खिलाड़ी के मुताबिक, उससे डेढ़ लाख रुपये मांगे गए।
उसने दावा किया कि पैसे नहीं देने की वजह से वह इंटरनेशनल प्रतियोगिता में खेलने नहीं जा सकी। अपनी बात बताते हुए खिलाड़ी भावुक हो गई और उसके आंसू निकल आए।
खिलाड़ी की बात के बाद मुख्यमंत्री की कथित प्रतिक्रिया ‘अच्छा, बैठ जाओ…’ को लेकर विपक्ष ने सरकार को घेर लिया है। हालांकि, खिलाड़ी द्वारा लगाए गए रिश्वत के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी सामने नहीं आई है।
सुरजेवाला बोले- ‘एक आंसू भी हुकूमत के लिए खतरा है’
कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भी इस मामले को लेकर धामी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने शायराना अंदाज में कहा कि ‘एक आंसू भी हुकूमत के लिए खतरा है’ और खिलाड़ी की आंखों से निकले आंसुओं को सरकार की संवेदनशीलता से जोड़ते हुए सवाल उठाए।
सुरजेवाला ने कहा कि देश के लिए खेलने का सपना देखने वाली एक राष्ट्रीय खिलाड़ी जब मुख्यमंत्री के सामने अपनी पीड़ा लेकर पहुंची और कथित तौर पर चयन के लिए पैसे मांगे जाने की बात कही, तो यह बेहद गंभीर विषय है।
कांग्रेस ने उठाए खेल चयन प्रक्रिया पर सवाल
हरियाणा कांग्रेस ने इस पूरे मामले को केवल राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि खेल प्रतिभाओं के सम्मान और चयन प्रक्रिया की पारदर्शिता से जुड़ा सवाल बताया है। कांग्रेस का कहना है कि यदि खिलाड़ी द्वारा लगाए गए डेढ़ लाख रुपये मांगने के आरोप सही हैं तो पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
फिलहाल इस मामले में खिलाड़ी के आरोपों ने उत्तराखंड की भाजपा सरकार को राजनीतिक रूप से घेरने का विपक्ष को मौका दे दिया है। कांग्रेस अब इसे बेटियों के सम्मान, खेल प्रतिभाओं के अधिकार और सरकारी तंत्र की जवाबदेही से जोड़कर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से जवाब मांग रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


