देहरादून. नेपाल के रसुवा क्षेत्र में भोटेकोशी नदी में अचानक आई भीषण बाढ़ से हुई जन-धन की क्षति को देखते हुए उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (USDMA) ने उत्तराखण्ड के नागरिकों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं. यदि कोई उत्तराखण्ड का नागरिक नेपाल के प्रभावित क्षेत्र में फंसा हुआ है अथवा कोई किसी व्यक्ति के संबंध में कोई जानकारी साझा करना चाहता है, तो राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, देहरादून के इन हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है.
हेल्पलाइन नंबर:
0135-2710334, 2710335
2664314, 2664315, 2664316
8218867005
इसके अलावा टोल फ्री नंबर 1070 पर भी संपर्क किया जा सकता है.
इसे भी पढे़ं : नेपाल में आई बाढ़ में मरनेवालों की संख्या बढ़कर 95 हुई, देश के अलग-अलग जिलों से 16 शव बरामद
बता दें कि बुधवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नेपाल के रसुवा क्षेत्र में भोटेकोशी नदी में आई अचानक भीषण बाढ़ से हुई जन-धन की क्षति पर गहरा दुःख व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि इस प्राकृतिक आपदा में हुई जनहानि और व्यापक नुकसान अत्यंत दुःखद एवं चिंताजनक है. इस कठिन समय में उत्तराखण्ड की जनता और राज्य सरकार की संवेदनाएं नेपाल के प्रभावित परिवारों के साथ हैं. मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने और प्रभावित सभी लोगों के सकुशल होने की प्रार्थना की है.
उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध केवल दो पड़ोसी देशों के संबंध नहीं हैं, बल्कि ये साझा संस्कृति, परंपराओं, आस्था, सामाजिक सरोकारों और आत्मीयता से जुड़े हुए हैं. उत्तराखण्ड और नेपाल के बीच विशेष रूप से सदियों पुराने रोटी-बेटी के संबंध रहे हैं. दोनों क्षेत्रों के लोगों के बीच पारिवारिक रिश्तों के साथ-साथ सामाजिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक संबंध भी निरंतर मजबूत रहे हैं.


