देहरादून. उत्तराखंड में आज सोमवार, 19 अक्टूबर को मौसम साफ रहने का अनुमान है. मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून ने प्रदेश के किसी भी जिले में बारिश या बर्फबारी को लेकर चेतावनी जारी नहीं की है. देहरादून समेत ज्यादातर इलाकों में आसमान साफ रहेगा. हालांकि, दोपहर या शाम को कुछ जगहों पर हल्के बादल छा सकते हैं.

मौसम शुष्क रहने के बावजूद सुबह और रात में ठंड महसूस होगी. दिन में धूप निकलने से लोगों को राहत मिलेगी. पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान कम रहने के कारण ठंड का असर ज्यादा रहेगा.

इसे भी पढ़ें- अंकिता भंडारी हत्याकांड: भारी लापरवाही पर LIU इंस्पेक्टर सस्पेंड, आखिर क्या थी वो बड़ी चूक?

मसूरी-नैनीताल में 11 डिग्री तक तापमान

प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर सुबह और रात में ठंड बनी हुई है. मसूरी में अधिकतम तापमान करीब 22 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. नैनीताल में अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम करीब 11 डिग्री रहेगा. मुक्तेश्वर में न्यूनतम तापमान लगभग 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. औली में न्यूनतम तापमान करीब 5 डिग्री, मुनस्यारी में 7 डिग्री और चोपता में 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.

चारधाम में रात को माइनस में पहुंच रहा पारा

ऊंचाई वाले इलाकों में सर्दी का असर बढ़ रहा है. केदारनाथ में न्यूनतम तापमान करीब माइनस 6 डिग्री, जबकि बद्रीनाथ और गंगोत्री में लगभग माइनस 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. यमुनोत्री में तापमान करीब 1 डिग्री सेल्सियस रहा. इन इलाकों में रात के समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है.

22 अक्टूबर तक मौसम शुष्क रहने के आसार

देहरादून में सोमवार को अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. रविवार को भी प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहा और पर्यटन स्थलों पर धूप खिली रही.

इसे भी पढ़ें- उत्तराखंड की सियासत में बड़ा उलटफेर: 5 दिन में भाजपा छोड़ कांग्रेस में लौटे ग्यालू लाल

मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 20, 21 और 22 अक्टूबर को भी प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रह सकता है. पहाड़ी क्षेत्रों में सुबह और रात को ठंड बनी रहेगी. कुछ इलाकों में पाला पड़ने की संभावना है. ऐसे में लोगों को सुबह और शाम गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी जाती है.