देहरादून. उत्तराखंड में मौसम ने करवट ले ली है. मौसम विभाग के अनुसार, आज शुक्रवार (16 अक्टूबर 2026) को प्रदेश के 8 जिलों में बारिश की संभावना है. इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिर सकती है. वहीं, 3500 मीटर या इससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने के आसार हैं. गुरुवार को कई पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के बाद ठंड बढ़ गई है.

इसे भी पढ़ें- सत्ता, साजिश और वायरल ऑडियो! मंत्री रेखा आर्या ने अपने ही पति पर क्यों लगाए गंभीर आरोप?, जानें मामला

इन 8 जिलों में बारिश की संभावना

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, नैनीताल, अल्मोड़ा, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चंपावत, ऊधम सिंह नगर और पिथौरागढ़ में बारिश हो सकती है. लोगों को गरज-चमक और बिजली गिरने के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

केदारनाथ और बद्रीनाथ में बर्फबारी

गुरुवार को केदारनाथ, चोपता, हेमकुंड साहिब और बद्रीनाथ के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई. इससे पहाड़ों में ठंड बढ़ गई है. सुबह केदारनाथ में तापमान माइनस 6 डिग्री सेल्सियस और बद्रीनाथ में माइनस 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. प्रदेश में सुबह का तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहा. दो दिन पहले यह 17.7 डिग्री सेल्सियस था.

खराब मौसम से हेलिकॉप्टर सेवा प्रभावित

गुरुवार को देहरादून, नैनीताल, अल्मोड़ा, टिहरी, पौड़ी, ऋषिकेश और हरिद्वार में हल्की बारिश हुई. इसके बाद तापमान में गिरावट आई. केदारनाथ धाम में मौसम बिगड़ने से अंधेरा छा गया. खराब मौसम के कारण हेलिकॉप्टर सेवाओं का संचालन भी रोकना पड़ा. यात्रियों और श्रद्धालुओं को मौसम की स्थिति देखकर यात्रा करने की सलाह दी गई है.

इसे भी पढ़ें- अंकिता भंडारी हत्याकांड: राहुल गांधी ने राष्ट्रपति को लिखा पत्र, न्याय की गुहार के साथ की बड़ी मांग

18 अक्टूबर को भी कुछ जगह बारिश के आसार

मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 18 अक्टूबर को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है. 19 और 20 अक्टूबर को प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. फिलहाल ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड बढ़ने के साथ लोगों को गर्म कपड़े रखने और यात्रा से पहले मौसम की जानकारी लेने की जरूरत है.